पसगवां क्षेत्र के कसबा जंगबहादुरगंज में बदमाशों ने बोला धावा
मोहम्मदी में घर में घुसे चोरों ने उड़ाया लाखों का माल
कोतवाली पसगवां क्षेत्र के कस्बा जंगबहादुरगंज स्थित टेलीफोन एक्सचेंज पर रविवार की रात बदमाशों ने धावा बोल दिया और वहां रह रहे तीन कर्मचारियों की पिटाई कर 26 हजार रुपये की नकदी लूट ले गए। उधर, मोहम्मदी के गांव राजापुर वैनी के एक घर में घुसे चोर नकदी-जेवर समेत करीब 10 लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए।
जंगबहादुरगंज। कस्बे में दूरसंचार विभाग का टेलीफोन एक्सचेंज हैं। एक्सचेंज परिसर में लिपिक अवनीश वर्मा, सुरक्षा गार्ड विनोद और इंजन ऑपरेटर सुशील कुमार रहते हैं। कर्मचारियों ने बताया कि आधी रात के बाद करीब आधा दर्जन से अधिक बदमाश बाउंड्री कूदकर अंदर घुस आए। बदमाशों ने तीनों कर्मियों को असलहों के बल पर बंधक बना लिया और पिटाई की। बदमाशों ने बिल आदि के रखे 15, 663 रुपये और तीनों कर्मचारियों के पास से 10,600 रुपये लूट लिए। लूटपाट करने के बाद बदमाशों ने तीनों को एक साथ बैठा दिया और ऊपर से रजाई डाल दी। शोर मचाने पर जान से मार देने की धमकी देते हुए भाग निकले। बदमाशों के जाने की आहट मिलने पर उन्होंने डायल 100 को सूचना दी। सूचना पर डायल 100 और इंस्पेक्टर पसगवां मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बदमाशों की सुरागरसी की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका।
मोहम्मदी। गांव राजापुर वैनी निवासी कोटेदार दिलीप सिंह ने बताया कि वह परिवार समेत घर में सो रहे थे। रविवार की रात करीब दो बजे चोर छत से नीचे आ गए और कमरे में लगे ताले तोड़ दिए। चोरों ने कमरे में रखी दो सेफो का ताला तोड़ दिया और 35 हजार की नकदी समेत करीब 10 लाख के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी सुबह तब हुई जब वह सोकर उठे। उन्होंने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
लूटपाट की रिपोर्ट चोरी में की दर्ज
खीरी पुलिस अपराधों की रिपोर्ट सही धाराओं में दर्ज नहीं करती। जंगबहादुरगंज स्थित टेलीफोन एक्सचेंज में हुई लूटपाट की घटना में भी पुलिस ने खेल कर दिया। पुलिस ने लूटपाट की जगह धाराओं में खेल कर मामले की रिपोर्ट चोरी में दर्ज की है।