ट्राली पलटने के बाद जाम में फंसे वाहन संवाद
महेवागंज/ सुंदरवल। शारदानगर-ढखेरवा रोड पर बुधवार शाम बेलपुरवा क्रशर पर गन्ना लेकर जा रही ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली रौली पुल के पास पलट गई। इससे शारदानगर रोड पर यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्रेन से ट्रॉली को हटवाकर आवागमन बहाल कराया। लोग एक घंटे तक जाम में फंसे रहे।
पढुआ थाने के गांव पठाननपुरवा निवासी समीर बुधवार शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना भरकर बेलपुरवा क्रशर पर ले जा रहे थे। रौली पुल की चढ़ाई पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत रही हादसे में किसी को चोट नहीं आई। गन्ना सड़क पर बिखर जाने से शारदानगर रोड पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची शारदानगर थाना पुलिस ने क्रेन मंगवा कर ट्रॉली सीधी कराई और सड़क पर बिखरा गन्ना हटवाया, तब कहीं एक घंटे बाद यातायात सुचारु हुआ।