पुलिस हिरासत में वांछित आरोपी। स्रोत : पुलिस
धौरहरा। ईसानगर पुलिस ने 20 साल से फरार चल रहे एक वांछित अपराधी को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह गुपचुप तरीके से परिजनों से मिलने गांव आया था।
आरोपी परसराम निवासी मिश्रगांव जमदरी पुलिस को लंबे समय से चकमा दे रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी नेपाल भागकर वहां साधु के वेष में रह रहा था और नाम भी बदल लिया था।
थानाध्यक्ष ईसानगर निर्मल तिवारी ने बताया कि परसराम वर्ष 2003 से न्यायालय में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ जारी वारंट के अनुपालन में पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। वर्षों तक उसकी कोई भनक नहीं लगी। हाल ही में पुलिस को पता चला कि वह चोरी-छिपे अपने परिजनों से मिलने गांव आने वाला है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसकी घेराबंदी की और वेष बदले परसराम को धर दबोचा। पूछताछ में उसने खुद को साधु बताया, लेकिन जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने अपनी असली पहचान स्वीकार कर ली। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।