मोहम्मदी में बीईओ को ज्ञापन सौंपते हुए अनुदेशक। स्रोत: संगठन
लखीमपुर खीरी। विकासखंड मोहम्मदी और पसगवां में अनुदेशकों ने अनुबंध पत्र का विरोध जताते हुए ज्ञापन दिया। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देकर नियमित कार्मिक घोषित किए जाने की मांग उठाई।
मोहम्मदी में प्रदेश महासचिव शचींद्र नारायण दीक्षित के नेतृत्व में अनुदेशकों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को संबोधित ज्ञापन बीईओ शशांक सिंह को दिया। बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने 10 वर्षों से अधिक समय से कार्यरत कार्मिकों को नियमित कार्मिक मानने के निर्देश दिए हैं। अनुदेशकों ने आरोप लगाया कि यदि मनमाने तरीके से मानसिक उत्पीड़न किया गया तो मामले में अधिकारियों को भी सुप्रीम कोर्ट में पक्षकार बनाया जाएगा।
इस दौरान कुलसुम जहां, नरेंद्र वर्मा, शरद कौर, अमित अवस्थी, सुधीर कुमार, गुलफ्शा, पल्लवी शुक्ला और संजीव पाल सहित कई अनुदेशक मौजूद रहे।
वहीं पसगवां बीआरसी में अनुदेशकों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को संबोधित ज्ञापन बीडीओ को सौंपा। इसमें अनुबंध पत्र जमा करने का विरोध दर्ज कराया गया। बीडीओ ने आश्वासन दिया कि अनुदेशकों की मांग जिला स्तर की बैठक में रखी जाएगी।