सिंगाही के बढ़ियन टोला स्कूल में निरीक्षण करते एसडीएम यदुवीर सिंह। स्रोत : ग्रामीण
निघासन। सिंगाही क्षेत्र के वार्ड नंबर तीन स्थित संविलियन विद्यालय में बच्चों को निर्धारित मेन्यू के विपरीत भोजन परोसा गया। मेन्यू में सब्जीयुक्त दाल और रोटी देनी थी, लेकिन बच्चों को दाल-चावल दिया गया। अधिकारियों ने भोजन चखकर देखा तो दाल अधपकी मिली। इस पर उन्होंने संबंधितों को फटकार लगाई।
एसडीएम यदुवीर सिंह और बीईओ बृजराज सिंह ने बृहस्पतिवार को क्षेत्र के स्कूलों का निरीक्षण किया। उन्होंने संविलियन विद्यालय बाढ़ियन टोला, वार्ड नंबर 12 स्थित प्राथमिक विद्यालय, मेला मैदान प्राथमिक विद्यालय, पश्चिम चमरौधा और भेड़ौरा प्रथम प्राथमिक विद्यालय का जायजा लिया।
करीब तीन घंटे तक चले निरीक्षण में अन्य विद्यालयों की व्यवस्थाएं सामान्य मिलीं। एसडीएम यदुवीर सिंह ने बताया कि वार्ड नंबर तीन स्थित संविलियन विद्यालय की इमारत जर्जर है। भवन निर्माण के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।