शहीद दरोगा मनोज मिश्रा के पिता श्याम मुरारी मिश्रा के अनुरोध पर प्रदेश के राज्यपाल रामनाईक ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पत्र भेजा है। पत्र में सीबीआई जांच और मुआवजे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।
बताते चलें कि बरेली में पशु तस्करों की मुठभेड़ में शहीद हुए दरोगा के पिता श्याम मुरारी मिश्रा और विश्व हिंदू परिषद के आचार्य संजय मिश्र सहित कई लोगों ने बीते सप्ताह राज्यपाल रामनाईक से मिलकर एक ज्ञापन दिया था। इसके बाद राज्यपाल रामनाईक ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पत्र लिखकर बताया है कि मनोज मिश्रा बरेली जिले के फरीदपुर थाने में उप निरीक्षक के पद पर तैनात थे। ज्ञापन के अनुसार गो तस्करों ने नौ सितंबर को साजिशन उनकी हत्या कर दी थी। उनके परिवार वालों ने निष्पक्ष विवेचना के लिए सीबीआई जांच की मांग की है तथा उचित मुआवजा और मृतक आश्रितों को सरकारी नौकरी दिए जाने का अनुरोध किया है। राज्यपाल ने पत्र पर समुचित कार्रवाई के लिए कहा है।