- दहशत में आए व्यापारी, कई दुकानें बंद कर भागे
मोहल्ला संकटा देवी (पुरानी गल्ला मंडी) स्थित सागरमल शिवदत्त फर्म पर आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा, जिसके बाद आसपास की दुकानदार दहशत में आ गए। कई दुकानें धड़ाधड़ बंद हो गई। फर्म पर करीब तीन घंटे तक आयकर अधिकारियों ने गहनता से जांच की और अभिलेखों को खंगाला।
सीतापुर के डिप्टी कमिश्रर आरआरएन शुक्ला की अगुवाई में आयकर अधिकारी रामअक्षयवर गुप्ता और वीरेंद्र सिंह ने दोपहर को मोहल्ला संकटा देवी स्थित सागरमल शिवदत्त फर्म पर छापामारी की। साथ में खीरी एसओ जावेद अख्तर मयफोर्स मौजूद रहे। आयकर अधिकारियों ने गहनता से गोदाम की छानबीन की, स्टाक का मिलान किया। इसके बाद अभिलेख, कैशमेमो आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फर्म मालिक से पूछताछ भी की। करीब तीन घंटे तक आयकर अधिकारियों ने बारीकी से जांच पड़ताल की है। आयकर अधिकारी रामअक्षयवर गुप्ता ने बताया कि रूटीन चेकिंग थी, जिसमें फर्म का निरीक्षण किया गया है। अभी अभिलेखों की जांच की जा रही है, जिसमें गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।