पलियाकलां। पलिया नगर पालिका अध्यक्ष पद के उपचुनाव में उतरे निर्दलीय प्रत्याशी आलोक मिश्र ने भाजपा व सपा का चुनावी गणित बिगाड़ दिया। वर्ष 2023 में हुए चुनाव में 2552 वोटों से जीत दर्ज कराने वाली भाजपा के प्रत्याशी की जीत का अंतर इस बार महज 126 वोट रहा। वहीं दूसरे नंबर में पर रहे सपा प्रत्याशी महमूद हुसैन की उम्मीदें जीत की दहलीज पर दम तोड़ गईं।
मतगणना में निर्दलीय प्रत्याशी आलोक मिश्रा शुरुआत के दो चरणों में सबसे आगे रहे। उन्हें पहले चरण में 1889 मत मिले जबकि दूसरे नंबर पर भाजपा की लक्ष्मी गुप्ता को 1704 मत मिले। वहीं सपा के महमूद हुसैन खान को केवल 410 मत ही मिले। इसी तरह दूसरे चरण में निर्दलीय प्रत्याशी आलोक मिश्रा को 1278 मत मिले और भाजपा की लक्ष्मी देवी गुप्ता को 1252 व सपा के महमूद हुसैन को मात्र 862 वोट मिले।
तीसरे राउंड में भाजपा की लक्ष्मी देवी 1460 मत हासिल कर बढ़त हासिल की और सपा के महमूद हुसैन खान को 1331 मत मिले। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी आलोक मिश्रा ने 1213 मत हासिल किए। इसके बाद चाैथे, पांचवें व छठे राउंड में भी कड़ा मुकाबला रहा। पांचवें और अंतिम राउंड की गिनती में बीजेपी की लक्ष्मी देवी को6330, सपा के महमूद हुसैन को 6230 व निर्दलीय आलोक मिश्रा को 5594 वोट मिले।
रोचक मुकाबले से बच गई भाजपा की कुर्सी
निर्दलीय प्रत्याशी आलोक मिश्र ने भाजपा प्रत्याशी की जीत का अंतर भले ही कम किया, लेकिन उनकी कुर्सी बचा ली। सपा प्रत्याशी महमूद हुसैन ने जिस तरह चुनाव लड़ा, वह भाजपा की जीत की राह रोकने वाला था। निर्दलीय प्रत्याशी की झोली में गए वोट अगर सपा को चले जाते तो पिछली बार भाजपा से जीत दर्ज कराने वाले केबी गुप्ता की पत्नी की इस बार जीत ज्यादा कठिन हो जाती।