महंगापुर-पलिया (लखीमपुर खीरी)। पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा एलएसी पर चीनी और भारतीय सैनिकों में हुई झड़प के बाद भारत-नेपाल की खुली सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। हालांकि चीन की सीमा भारत के नेपाली एरिया से काफी दूरी पर है लेकिन इसके बाद भी एसएसबी कमांडेंट मुन्ना सिंह ने जवानों को नेपाल बॉर्डर पर सख्ती बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
चीन से नेपाल बॉर्डर तथा नेपाल बॉर्डर से भारत बॉर्डर सटा होने के कारण भारत की तरफ से सख्ती बढ़ा दी गई है। भारत-नेपाल की 1751 किलोमीटर लंबी खुली सीमा है। इस बावत 39वीं वाहिनी एसएसबी कमांडेंट मुन्ना सिंह ने बताया कि बफर स्टेट नेपाल देश होने के कारण भारत-नेपाल सीमा पूर्णतया सुरक्षित है। भारत-नेपाल की सीमा पर पेट्रालिंग व चौकसी बढ़ा दी गई है। इस बीच सीमा पर किसी भी तरह की समस्या होने पर वाहिनी मुख्यालय के 24 घंटे संचालित नियंत्रण कक्ष को सूचित करने और उच्चाधिकारियों के दिशा-निर्देशों के अनुसार समस्या को शांतिपूर्वक हल करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
एसएसबी कमांडेंट मुन्ना सिंह का कहना है कि कि भारत व नेपाल की सीमा धारचूला के पास मिलती है जहां पर रानीखेत फ्रंटियर की 11 वाहिनी कार्यरत है वहां पर भी शांति का माहौल है। उन्होंने बताया कि धारचूला से लेकर सिलीगुड़ी फ्रंटियर तक नेपाल की सीमा पड़ती है जिसकी सुरक्षा सशस्त्र सीमा बल कर रही है। यह बल भारत भूटान की 699 किलोमीटर लंबी सीमा की सुरक्षा भी संभाल रहा है।
तिकुनियां। तिकुनियां नेपाल सीमा पर एसएसबी और पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। सीओ निघासन ने एसएसबी के साथ मोहाना नदी नाव से पार कर सीमा पिलर का निरीक्षण किया।
बुधवार को सीओ निघासन प्रदीप वर्मा एसएसबी चौकी रननगर पहुंचे। उन्होंने एसएसबी जवानों के साथ मरिया घाट से मोहाना नदी पार कर भारतीय सीमा पर पहुंचे। जहां से चार किलोमीटर पैदल चलकर नोमेंस लैंड सीमा पर लगे पिलर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीमा पिलर के पास नेपाली पुलिस भी मौजूद रही। सीओ ने बताया कि सभी पिलर सुरक्षित हैं। सीमा पर शांति व्यवस्था कायम है। फिलहाल अधिकारियों के दिशा निर्देशन में सीमा पर पेट्रोलिंग का अभियान जारी रहेगा। नेपाल पुलिस के इंस्पेक्टर चंद्र देव भट्ट, एसएसबी के सहायक कमांडेंट राहुल त्यागी आदि मौजूद रहे।
--
बॉर्डर पर पुलिस भी है सतर्क
भारत से नेपाल को जोड़ने वाले संपूर्णानगर, चंदनचौकी, गौरीफंटा बार्डरों पर पुलिस ने भी चीन की हरकत के बाद सुरक्षा बढ़ा दी है। बॉर्डर से पूरी तरह से पुलिस एसएसबी जवानों के साथ निगरानी रखे हुए हैं। जबकि अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी किसी भी हालात से निपटने के लिए सतर्क हो गईं हैं।
---------------