शहर के नई बस्ती उपकेंद्र की दोनों इनकमिंग सुबह चार बजे फुंक गई इससे आधे शहर की बिजली सप्लाई गुल हो गई। बिजली न होने से लोगों को दिनभर पानी की समस्या से भी जूझना पड़ा। इधर परेशान लोगों ने जब बिजली अधिकारियों से समस्या जाननी चाही तो उनके मोबाइल स्वीच ऑफ मिले। उपकरणों के फुंकने से करीब एक दर्जन से अधिक मोहल्लों के लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। बिजली गुल होने से लोग आक्रोशित हो गए। नई बस्ती उपकेंद्र पर कई बार लोगों और बिजलीकर्मियों के बीच झड़प भी हुई।
मंगलवार की अलसुबह करीब चार बजे नई बस्ती उपकेंद्र की इनकमिंग में जोरदार धमाका हुआ। पहले एक इनकमिंग फुंकी, उसके कुछ ही देर बाद दूसरी इनकमिंग भी फुंक गई। इससे आधे शहर की बिजली गुल हो गई।
इन इलाकों के लोग परेशान
शहर की नई बस्ती से जुड़े जेल फीडर के ऑफीसर कॉलोनी, पुलिस लाइंस, नौरंगाबाद, प्यारेपुर, हिदायतनगर, शाहपुरा कोठी, विकास भवन फीडर से जुड़े महराजनगर, बहादुरनगर, आवास विकास, काशीनगर, अस्पताल रोड फीडर से जुड़े नई बस्ती, थरबरनगंज, मेन बाजार, बांग्लादेश मोहल्ला, बस स्टैंड रोड फीडर से जुड़े नई बस्ती का आधा हिस्सा, रोडवेज बस स्टैंड रोड की बिजली सप्लाई ठप हो गई। वहीं खीरी टाउन फीडर से जुड़े आधे खीरी कस्बे की बिजली सप्लाई भी गुल रही।
अभियंता का फोन स्वीच ऑफ
बिजली न मिलने से परेशान लोगों ने नई बस्ती के अवर अभियंता से जानकारी करनी शुरू की तो दोपहर बाद अभियंता का मोबाइल स्वीच ऑफ बताने लगा। बिजली न मिलने और मोबाइल स्वीच ऑफ होने से नाराज लोग जब उपकेंद्र पर पहुंचे तो बिजलीकर्मियों से उनकी झड़प भी हुई। लोगों का कहना था कि उपकेंद्र में आई खराबी को दूर करने में लापरवाही बरती जा रही है, जिससे उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पांचवीं बार फुंका शाहपुरा कोठी का ट्रांसफार्मर
मोहल्ला शाहपुरा कोठी स्थित डॉ. आरसी सिंह के अस्पताल के सामने का ट्रांसफार्मर सोमवार की रात जून महीने में पांचवीं बार फुंक गया। मोहल्ले के इरदीश, नफीस, सुरेंद्र, राजीव, दिनेश, सुशील, महिमा, राजेश्वरी और दीनदयाल ने बताया कि यह ट्रांसफार्मर क्षमता से काफी कम लगा है, जिससे अक्सर फुंक जाता है। जून महीने में ही यह सोमवार को पांचवीं बार फुंक गया। मोहल्ले वालों के गुस्से को देखते हुए रात करीब तीन बजे मोबाइल ट्रांसफार्मर लाकर लगाया गया।
उपभोक्ता बोले, संभल नहीं रही व्यवस्था
मोहल्ला शाहपुरा कोठी स्थित डॉ. आरसी सिंह अस्पताल के ठीक सामने लगा ट्रांसफार्मर आए दिन खराब हो जाता है। कई बार लगने के कुछ घंटे बाद ही खराब हो जाता है। कुल मिलाकर बिजली व्यवस्था ठीक नहीं है।
बरकत अली, प्यारेपुर।
फाल्ट के नाम पर अक्सर बिजली काट दी जाती है। जानकारी करना चाहो तो बिजली अधिकारी फोन ही नहीं उठाते। कई बार बेतुके जवाब मिलते हैं, फाल्ट नोट करा दो। सबकुछ फोन पर नहीं बता सकते। ऐसे जवाबों से हम लोग आजिज आ चुके हैं।
आशीष वर्मा, प्यारेपुर।
बिजली की जबरदस्त कटौती से ग्राहक घरों से बाहर ही नहीं निकलते। रात की कटौती से चोरी की घटनाएं बढ़ने से व्यापारी चिंतित होते हैं। तमाम कारोबार ठप होने की कगार पर पहुंच गए है और बिजली अधिकारियों पर कोई फर्क नहीं पड़ रहा है।
महिपाल जैन, रेडीमेड कपड़ा व्यापारी/पूर्व अध्यक्ष रोटरी क्लब।
बिजली की जबरदस्त कटौती से जनता और व्यापारी परेशान हो चुके हैं। कारोबार ठप हो रहा है। बिजली व्यवस्था में सुधार न हुआ तो अब आरपार का संघर्ष छेडे़ंगे।
धर्मचंद जैन, जिलाध्यक्ष-व्यापार मंडल (बंसल गुट)।
नई बस्ती उपकेंद्र पर इनकमिंग फुंकने के कारण सुबह से बिजली की किल्लत है। इनकमिंग फुंकने से फीडरों में बिजली सप्लाई नहीं हो पा रही है। कई पार्ट्स न मिलने और लगातार वर्षा के कारण उपकरणों को दुरुस्त करने में देरी हुई है।
धर्मेंद्र आनंद, सहायक अभियंता।
मोबाइल ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की मांग
मैलानी। आए दिन ट्रांसफारमर फुंकने से बाधित होने वाली बिजली आपूर्ति की समस्या से निजात पाने के लिए नगरवासियों ने क्षेत्रीय सांसद, विधायक और चेयरमैन से यहां एक मोबाइल ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की मांग की है। मोहल्ला धर्मशाला का ट्रांसफारमर महीने भर के भीतर ही दूसरी बार फुं का है। व्यापारी नेता नरेश साहनी, अशोक अरोड़ा, साधूराम अग्रवाल, उपनेश साहनी, भाजपा पूर्व नगराध्यक्ष आशीष अग्रवाल आदि ने मोबाइल ट्रांसफारमर उपलब्ध कराने की मांग की है।
बेलाटापर में एक सप्ताह से बिजली गुल
मझगईं। चौकी क्षेत्र के गांव बेलाटापर की बिजली एक सप्ताह से गुल है। ग्रामीणों ने इसके लिए कई बार बिजली कर्मचारियों को अवगत कराया गया, लेकिन बिजली सप्लाई चालू नहीं की गई। इससे नाराज गांव वालों का सोमवार को सब्र का बांध टूट गया और खंभे के पास खड़े होकर प्रदर्शन और नारेबाजी की। प्रदर्शन करने वालों में अवधेश शर्मा, श्रवण कुमर, सर्वेश कुमार, कपिल कुमार, संतोश पाल, श्यामवती, हजारी लाल आदि मौजूद रहे।