लखीमपुर खीरी के भीरा में एक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने वीडियो बनाया और पुलिस को फोन पर सूचना दी। उसकी लोकेशन पता कर पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक बेहोशी की हालत में मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
लखीमपुर खीरी के भीरा कस्बे के मोहल्ला स्वामी विवेकानंद निवासी सुमित गुप्ता (28 वर्ष) ने जहर खाकर जान दे दी। आत्महत्या करने से पहले उसने अपना वीडियो बनाया, जिसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। वीडियो में युवक ने कई रसूखदारों पर प्रताड़ना और बंधक बनाने के आरोप लगाए हैं।
विज्ञापन
सुमित ने जहर खाने के बाद मैलानी थाना क्षेत्र की पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) के कर्मियों को फोन पर सूचना दी और मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिया। पुलिस ने आखिरी लोकेशन पता कर सुमित को ढूंढा तो वह कुकरा के पास बाग में बेहोश मिला। मैलानी थानाध्यक्ष बृजेश कुमार मौर्य सुमित को बांकेगंज सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुमित ने तीन मिनट 12 सेकंड के वीडियो में भी जहर खाकर खुदकुशी करने की बात कही है। कुछ लोगों पर बंधक बनाने का आरोप लगाया। उसने कहा कि वह बच्चों को स्कूल से लाने के बहाने निकला है और जहर खाकर जाने देने जा रहा है। सुमित बाइक की एक एजेंसी पर काम करता था।
विज्ञापन
इन लोगों पर लगाए आरोप
वीडियो में सुमित ने संजय शुक्ला, अश्वनी अवस्थी, आदर्श अवस्थी, टीटू, राधेश्ययाम, विनोद गुप्ता, ललतू, सत्येंद्र यादव के नाम लेते हुए उन पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उसने कहा है कि विनोद का कुछ सामान उसके पास गिरवी रखा था, जिसे ये सभी लोग बिना पैसे के उससे लेना चाहते थे। इसके लिए उसे प्रताड़ित कर रहे थे।
वीडियो में जिन संजय शुक्ला का नाम लिया गया है, वह भीरा नगर पंचायत अध्यक्ष चारू शुक्ला के पति बताए गए हैं। सतेंद्र यादव सभासद, आदर्श रेडीमेड गारमेंट व्यवसायी और अश्वनी सरकारी कर्मचारी बताए जा रहे हैं। संजय शुक्ला ने इस मामले में फिलहाल मीडिया से बात करने से मना कर दिया।
बाइक एजेंसी पर काम करता था सुमित
प्रताड़ना से तंग आने के बाद जहर खाकर जान देने वाला भीरा का निवासी सुमित अपने परिवार का इकलौता सहारा था। उसकी मौत से जहां परिवार का सहारा छिन गया है, वहीं पत्नी बदहवास हो गई है। पुलिस के अनुसार सुमित एक मोटरसाइकिल एजेंसी पर काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में पत्नी, दो बच्चे और एक एक छोटा भाई हैं।
पत्नी प्रियंका पति के शव को देखकर बदहवास हो गई। वह बार-बार यही कह रही थी कि कोई सुमित को उठा दे, वह दोपहर से फोन नहीं उठा रहे थे। पुलिस से प्रियंका कहती है कि आप लोग ही एक बार उन्हें उठा दो वह आपकी बात मानेंगे। प्रियंका की हालत देखकर परिजन उसे समझाने का प्रयास करते हैं, पर वह बार-बार अपने पति को उठाने की बात कहती रही।
सीओ गोला रमेश कुमार तिवारी ने कहा कि अभी कुछ स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सुमित मैलानी कैसे पहुंचा। मामले की जांच की जा रही है। वीडियो बनाने के बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया था। मैलानी थानाध्यक्ष बृजेश कुमार मौर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।