-मतदाताओं ने दिखाया गजब का जोश, कई जगह देर शाम तक लगी रही कतार
-सबसे ज्यादा कस्ता और सबसे कम मतदान हुआ धौरहरा में, लखीमपुर दूसरे नंबर पर
-कहीं ईवीएम दे गई दगा तो बसही में मतदाताओं ने कुछ देर तक किया मतदान का बहिष्कार
लोकतंत्र के आंगन में बुधवार को जमकर वोटों की बारिश हुई। मतदान को लेकर जिले भर में भारी उत्साह दिखाई दिया। जिले के आठ विधानसभा क्षेत्रों में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा। सुबह से ही पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतार लग गईं थीं। मतदान का उत्साह पूरे दिन बना रहा। जिले में सुबह सात बजे से शाम तक कुल 67.78 फीसदी मतदान हुआ, जो पिछले साल के मतदान की अपेक्षा करीब 03.07 फीसदी ज्यादा है।
जिले में सबसे ज्यादा 72 फीसदी मतदान कस्ता में और सबसे कम 65 फीसदी मतदान धौरहरा में हुआ। सुबह सात बजे से नौ बजे तक जिले में 10.55 फीसदी, 11 बजे तक 21 फीसदी, एक बजे तक 44.13 फीसदी और तीन बजे तक 54.38 फीसदी वोट पड़ चुके थे। शाम पांच बजे तक कुल 66.37 फीसदी मतदान हुआ जो अंत तक बढ़कर 67.78 फीसदी पर पहुंच गया। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में लखीमपुर में सबसे कम 58.27 फीसदी मतदान हुआ था। जबकि घौरहरा वोटिंग में अव्वल रहा था। धौरहरा में कुल 68.31 फीसदी मतदान हुआ था। दूसरे नंबर पर कस्ता रहा था। इस बार कस्ता ने बाजी मार ली। लखीमपुर वोटिंग में दूसरे नंबर पर रहा। मतदान की रफ्तार सबसे ज्यादा 11 बजे से एक बजे के बीच रही। इस अवधि में सबसे ज्यादा 23.13 फीसदी वोट पड़े। जबकि एक बजे से तीन बजे तक केवल 10.25 फीसदी वोट ही पड़े।
गोला विधानसभा क्षेत्र के बसही गांव के मतदाताओं ने सीसी रोड न बनने, बिजली न मिलने और अन्य विकास कार्यों में गांव की उपेक्षा के खिलाफ मतदान का बहिष्कार किया। बाद में लोगों के समझाने-बुझाने पर लोगों ने मतदान किया। यहां करीब दो घंटे तक मतदान नहीं हुआ। धौरहरा विधानसभा क्षेत्र के गणेशपुर गांव में इस बार भी महिलाएं मतदान से दूर रहीं यहां 1468 महिला मतदाताओं में सिर्फ सात महिलाओं ने वोट डाले।
कई जगह ईवीएम खराब होने से मतदान बाधित हुआ। कस्ता विधानसभा क्षेत्र के कैमा बुजुर्ग में ईवीएम खराब होने पर उसकी जगह दूसरी ईवीएम लगाई गई कुछ देर बाद वह भी खराब हो गई। जानकारी होने पर जोनल मजिस्ट्रेट ने तीसरी बार ईवीएम बदलवाई तब मतदान शुरू हो पाया। धौरहरा क्षेत्र के जोधापुरवा गांव के पोलिंग बूथ नंबर 19 और मूसेपुर के बूथ नंबर 199 पर ईवीएम की खराबी से एक-एक घंटा मतदान बाधित रहा।
मतदान शांति पूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए मंडलायुक्त भुवनेश कुमार, डीएम आकाशदीप, डीआईजी प्रवीण कुमार, एसपी मनोज कुमार झा के अलावा निर्वीाचन आयोग के प्रेक्षक लगातार जिले के भ्रमण पर रहे। मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। स्थानीय पुलिस के अलावा पैरामेलेट्री पुलिस फोर्स भी लगाया गया था। बूथों के आसपास काफी चहल-पहल दिखी तो सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
--
सूरज चढ़ने के साथ चढ़ता रहा वोटिंग का ग्राफ
विधानसभा क्षेत्र 09 बजे 11 बजे तक 01 बजे तक 03 बजे तक समाप्ति तक
पलिया 10.3 24.00 47.00 55.00 67.00
निघासन 09.8 17.00 44.00 52.00 66.00
गोला 11.00 16.00 42.00 56.00 68.26
श्रीनगर 08.50 23.00 42.00 55.00 66.00
धौरहरा 10.10 19.00 45.00 52.00 65.00
लखीमपुर 15.00 24.05 45.00 58.00 70.00
कस्ता 11.5 23.00 43.00 55.00 72.00
मोहम्मदी 08.3 18.00 45.00 52.00 68.00
-------------------------------------------------------------------------------------------------------
औसत 10.55 21.00 44.13 54.48 67.78
--------------------------------------------------------------------------------------------------------