लखीमुपर खीरी। बदलते मौसम में लोगों को संक्रामक बीमारियां घेर रही हैं। सोमवार को मरीजाें की भीड़ उमड़ी तो जिला अस्पताल अव्यवस्थाओं से घिरा नजर आया।
छुट्टी के बाद ओपीडी खुली तो अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं पटरी से उतर गईं। पर्चा काउंटर और चिकित्सक कक्ष के बाहर तक मरीजों की कतार लग गई। प्रत्येक मरीज को करीब दो घंटे तक परेशान होना पड़ा। इसके बाद ही उनका नंबर आया और डॉक्टर को दिखाया। सोमवार को जिला अस्पताल में 1554 मरीजों की ओपीडी रही। काउंटर पर जल्द पर्चा बनवाने की चाह में लोग धक्का-मुक्की व बहस करते नजर आए।
भीड़ नियंत्रित करने के लिए अस्पताल प्रशासन को अतिरिक्त गार्ड तक लगाने पड़ गए। वहीं, मानसिक रोग, त्वचा रोग व नेत्र रोग कक्ष के बाहर मरीजों की भीड़ लगी रही। कई घंटे इंतजार के बाद बमुश्किल मरीजों को दवा मिल सकी।
-
करीब डेढ़ घंटे से लाइन में लगे हैं। अब तक पर्चा ही नहीं बन पाया। अस्पताल प्रशासन को काउंटर की संख्या बढ़ानी चाहिए, ताकि मरीज को समय से उपचार मिल सके।
विजय वर्मा, मरीज, रुद्रपुर
-
कई किलोमीटर का सफर कर करीब नौ बजे आ गए थे। कतार में लगे काफी समय हो चुका है। भीड़ देखकर लगता है कि अभी और देर लगेगी। खड़े-खड़े तबीयत और खराब हो रही है।
-राहुल, मरीज, रुद्रपुर
-
वीवीआईपी ड्यूटी पर गए जिरियाट्रिक, मरीज हुए परेशान
मुख्यमंत्री के आगमन पर कई चिकित्सकों की वीवीआईपी ड्यूटी लगाई थी। इसमें जिरियाट्रिक फिजिशियन भी शामिल थे। इस वजह से उनके कक्ष में ताला लगा मिला। इससे यहां आने वाले मरीज परेशान दिखे। पन्नापुर से आईं शांति देवी ने बताया कि काफी देर से बैठे हैं, डॉक्टर साहब आए ही नहीं हैं।
-
जिला अस्पताल में जगह के हिसाब से पर्चा काउंटर चल रहे हैं। ऑनलाइन पर्चा बनने में थोड़ा समय लग जाता है। इसलिए मरीजों को इंतजार करना पड़ रहा है। सोमवार को भीड़ भी अधिक होती है।
डॉ. आरके कोली, सीएमएस, जिला अस्पताल
जिला अस्पताल के पर्चा काउंटर पर लगी मरीजों की लाइन। संवाद
जिला अस्पताल के पर्चा काउंटर पर लगी मरीजों की लाइन। संवाद
जिला अस्पताल के पर्चा काउंटर पर लगी मरीजों की लाइन। संवाद