तहसील में वकील की बाइक चोरी के मामले में वकीलों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने को घेरा। वकीलों ने एक बैठक कर न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया। इसके बाद एक ज्ञापन एसडीएम पीके सिंह को सौंपा।
तहसील अधिवक्ता संघ के मंत्री विवेक श्रीवास्तव की बाइक 15 अप्रैल को तहसील परिसर से चोरी हो गई थी। विवेक ने इस मामले में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एक माह से अधिक का समय होने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। नाराज वकीलों ने एक बैठक की। बैठक में अध्यक्ष मेजर सिंह ने कहा कि पुलिस प्रत्येक माह ऑटोलिफ्टर गैंग का खुलासा करते हुए कई लोगों का चालान करती है। इसके बावजूद चोरियों का सिलसिला बंद नहीं होता है। मंत्री आमीन ने कहा कि यदि पुलिस असली ऑटोलिफ्टर गैंग के लोगों को पकड़े तो चोरी पर अंकुश लगाया जा सकता है। बैठक के बाद वकील नारेबाजी करते हुए एसडीएम के पास पहुंचे। वहां एक ज्ञापन सौंपने के बाद वह थाने पहुंचे। वहां पर थाने का घेराव कर पुलिस के खिलाफ नारे बाजी की और बाइक चोरी का शीघ्र खुलासा करने का मांगपत्र सौंपा। वकीलों ने जल्दी खुलासा न होने पर धरना प्रदर्शन और आंदोलन की चेतावनी दी है।
इस दौरान सुबोध पांडे, सीके मिश्रा, लतीफ खां, रामगोपाल शाक्य, शशिकांत, रामनिवास, राजेश कुमार, ज्ञानेंद्र वर्मा आदि मौजूद रहे।