सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह और संगोष्ठी में बोले खंड शिक्षा अधिकारी
वार्षिक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन वाले छात्र-छात्रा भी हुए पुरस्कृत
खंड शिक्षा अधिकारी भरत वर्मा ने कहा कि देश के भविष्य निर्माताओं के योगदान केे भुला पाना नामुमकिन है। वही नन्हे मुन्नो को संवारकर देश का भविष्य बनाते हैं। कहा कि उनकी सेवाओं के लिए जितना भी शुक्र अदा किया जाए कम है।
यह बात उन्होंने नौरंगपुर कस्तूरबा स्कूल में आयोजित सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह और संगोष्ठी में कही। कार्यक्रम का शुभारंभ मैलानी नगर पंचायत अध्यक्ष एवं सपा से विधानसभा पलिया प्रत्याशी अनीता यादव और उनके पति नरेश यादव ने दीप जलाकर किया। इसके बाद छात्राओं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। फिर मरूआ पश्चिम बा स्कूल की छात्राओं ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। इसके बाद यूपीएस त्रिलोकपुर की राजकुमारी श्रीवास्तव, बसंतापुर के आदर्श अग्निहोत्री, त्रिकोलिया के रमाशंकर मिश्र, सरखना पश्चिम के अशोक कुमार, यूपीएस अतरिया के वीरेंद्र प्रताप मिश्रा एवं सूड़ा के प्यारे लाल आदि सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों को शाल ओढ़ा कर और माला पहना कर सम्मानित किया। अतिथियों ने वार्षिक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वालों मरूआ पश्चिम प्राथमिक विद्यालय की छात्रा अंशिका, लोकनपुरवा के संतोष, यूपीएस सरखना पश्चिम के विकास शर्मा, बरबटा यूपीएस की खुशरबी, मरूआ पश्चिम बा स्कूल की शिल्पी मौर्या, नौरंगपुर बा स्कूल की सीमा राना को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनकी हौसला अफजाई भी की। बा स्कूल नौरंगपुर की वार्डन फूलमति ने सभी के प्रति आभार जताया। संचालन एबीआरसी अरुण अवस्थी ने किया। इसमें प्रधान निंबुआबोझ अमोलक सिंह, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, चीनी मिल संपूर्णानगर जीएम ओपी राय, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी वीपी त्रिपाठी, सामाजिक कार्यकत्री जसवीर कौर, जिला पंचायत सदस्य बख्शीश कौर, एबीआरसी अरूण कुमार, आफताब आलम आदि तमाम शिक्षकों समेत कई गांवों के प्रधान, सपा नेता फुरकान अंसारी, जफर टीटू, एडवोकेट जावेद अख्तर समेत तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।