पलिया बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शपथ दिलाने के बाद मुख्य अतिथि बार कॉउंसिल आफ उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार शुक्ला ने कहा कि लोकतंत्र को समय-समय पर जब भी जरूरत पड़ी वकीलों ने आगे बढ़कर हाथ बंटाया। अधिवक्ता समाज की रीढ़ हैं। अधिवक्ता समाज की भूमिका केवल वादों के निस्तारण तक सीमित नहीं रहती वे समाज में शांति बनाए रखने में पूर्ण योगदान देते हैं।
जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष संतोष कुमार मिश्रा ने कहा कि अधिवक्ता कठिन परिस्थितियों को अनुकूल बनाकर उनका समाधान करते हैं। इसके लिए उन्हें सम्मान और ख्याति प्राप्त होती है। इसके अतिरिक्त ब्लाक प्रमुख गुरुप्रीत सिंह जार्जी, पूर्व पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र गर्ग, नायब तहसीलदार राजू कुमार, रोटरी क्लब महामंत्री विजय नारायण महेंद्रा, वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव शुक्ला, अशर्फीलाल शर्मा, विजय शर्मा, जगदीश सोनी, शारदा प्रसाद राना, राम प्रकाश पाल, सुरेश ओझा एवं चंद्रिका प्रसाद ने भी समारोह को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता विष्णु कुमार एवं अमित महाजन ने संयुक्त रूप से किया। अंत में नवनिर्वाचित अध्यक्ष रविंद्र कुमार शर्मा ने आए हुए सभी अतिथियों का आभार जताया।
इन पदाधिकारियों को दिलाई गई शपथ
पलिया बार एसोसियेशन के नव निर्वाचित अध्यक्ष रविंद्र कुमार शर्मा, महामंत्री अमित महाजन उर्फ अमित गुप्ता, उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार राठौर, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता, अंकेक्षक राजाराम वर्मा व ओम प्रकाश मौर्य, पुस्तकालयाध्यक्ष भानु प्रताप गुप्ता को शपथ दिलाई गई।