जिला अस्पताल की इमरजेंसी का मामला, सोशल मीडिया पर पैसे लेने का वीडियो वायरल
लखीमपुर खीरी। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मरीजों से अवैध वसूली हो रही है। मेडिकल कराने आए जख्मी लोगों से एक हजार रुपये तक वसूले जा रहे हैं। शनिवार को जख्मी युवक से रुपये लेने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बताते हैं कि इमरजेंसी ओपीडी में ड्यूटी करने वालों ने इसके लिए प्राइवेट तौर पर लड़के लगा रखे हैं। वायरल वीडियो में इमरजेंसी में मौजूद युवक पीड़ित से एक हजार रुपये लेकर गिनते दिख रहा है। सीएमएस ने ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ से स्पष्टीकरण तलब किया है।
शुक्रवार रात करीब नौ बजे गढ़ी रोड निवासी प्रशांत श्रीवास्तव पर कुछ युवकों ने हमला बोल दिया था। इससे उसे काफी चोटें आईं। बताते हैं कि रात करीब दस बजे वह अपना मेडिकल कराने जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचा। पीड़ित का कहना है कि पहले तो ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ ने मेडिकल करने से मना किया।
प्रशांत ने बताया कि इस दौरान इमरजेंसी में ही मौजूद एक युवक ने एक हजार रुपये देने पर मेडिकल करा देने की बात कही। इस पर साथ के लोगों ने एक हजार रुपये दे दिए, जिसके बाद मेडिकल की कार्रवाई हुई। इस बीच पीड़ित के साथ आए युवकों में से किसी ने पैसे देने से लेकर गिनने तक का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इससे अस्पताल प्रशासन में खलबली मची हुई है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखा है। इमरजेंसी में भी सीसीटीवी कैमरा लगा है। इसकी रिकार्डिंग निकलवाकर देखेंगे। ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ से स्पष्टीकरण तलब होगा। जवाब संतोषजनक न होने पर अधिकारियों को कार्रवाई के लिए लिखा पढ़ी की जाएगी। - डॉ. आरसी अग्रवाल सीएमएस जिला अस्पताल