मैगलगंज। दीपावली से पूर्व अवैध पटाखा भंडारण करने वालों पर मैगलगंज पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए मोहल्ला नवाबगंज में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लगभग चार से पांच सौ किलो तक तिकोना पटाखा बरामद किया गया है।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्त जुबैर अली उर्फ़ शीबू, रहमत अली उर्फ़ लल्लन और शरीफ उर्फ़ चांद शामिल हैं। ये तीनों तीनों मैगलगंज के ही रहने वाले हैं। क्षेत्राधिकारी मितौली जितेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोहल्ला नवाबगंज में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश दी, जहां बड़ी मात्रा में तैयार पटाखे बरामद हुए और मौके से तीन लोग गिरफ्तार किए गए।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि बरामद किए गए पटाखे अत्यधिक ज्वलनशील और विस्फोटक प्रकृति के हैं, जिन्हें बिना किसी अनुमति के रखना या बेचना गंभीर अपराध है। इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।