जिला अस्पताल में संगोष्ठी को संबोधित करतीं स्तुति कक्कड़। स्रोत : विभाग
लखीमपुर खीरी। अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ निषेध और तस्करी रोकथाम दिवस का आयोजन जिला अस्पताल में किया गया। संगोष्ठी की अध्यक्षता सीएमएस डॉ. आरके कोली ने की। इस दौरान मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. अखिलेश शुक्ला ने सभी को इस दिवस के बारे में बताया। साथ ही सरकार द्वारा इस दिवस को मनाने की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
डॉ. अखिलेश शुक्ला ने बताया कि अवैध ड्रग्स से खास तौर पर युवा इस संकट का खामियाजा भुगतते हैं। ड्रग्स का इस्तेमाल करने वाले और नशे की लत से जूझ रहे लोगों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। वे अपने होशोहवास में नहीं रहते, जिससे उन्हें और उनके परिवार को समाज में शर्मिंदगी झेलनी पड़ती है।
मनोवैज्ञानिक सोशल वर्कर स्तुति कक्कड़ ने समाज में कितने प्रकार के ड्रग्स मिलते हैं, उसके बारे में बताया। डॉ. शिखर बाजपेई व डॉ. शिशिर पाण्डेय ने ड्रग्स से होने वाले रोगों के बारे में बताया। सीएमएस डॉ. आरके कोली ने बताया कि ड्रग्स से होने वाले सभी रोग व नशे से ग्रसित व्यक्तियों का इलाज जिला चिकित्सालय में किया जाता है। साथ ही मरीजों की काउंसलिंग भी की जाती है। कहा कि किसी भी प्रकार की मानसिक और नशे से संबंधित जानकारी के लिए 14416 नंबर डायल करें। इस दौरान अतुल कुमार पाण्डेय, विवेक मित्तल, पंकज शुक्ला, धर्मेंद्र मौर्या, बसंत गुप्ता, अनुज त्रिवेदी व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।