अजान से दिल्ली जाने के लिए तैयार खड़ी डग्गामार बस। संवाद
ममरी। हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम अजान से दो निजी बसों का संचालन बिना परिवहन विभाग की अनुमति के दिल्ली के लिए हो रहा है। नियमों को ताक पर रखकर इनमें धड़ल्ले से यात्रा करवाई जा रही है, लेकिन विभागीय अफसर इन पर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
प्रदेश शासन का सख्त निर्देश होने के बावजूद इनके संचालकों पर कोई फर्क नहीं पड़ा। ये बसें एक नेता की बताई जा रही हैं। क्षेत्रवासियों की मानें तो यह बसें रोजाना अजान से घरथनिया, सिकंदराबाद, भीखमपुर, अमीर नगर, मोहम्मदी और शाहजहांपुर होते हुए दिल्ली के लिए अप-डाउन कर रही हैं। इन डग्गामार बसों से आए दिन हादसे होते रहते हैं। एआरटीओ अखिलेश कुमार द्विवेदी का कहना है कि मोहम्मदी से विभिन्न स्थानों के लिए संचालित होने वाली आठ डग्गामार बसों का हाल ही में चालान किया जा चुका है। इन बसों के बारे में जानकारी मिली है। इनके खिलाफ भी शीघ्र ही कार्रवाई की जाएगी। संवाद