धौरहरा। धौरहरा तहसील की समितियों से डीएपी नदारद है। सिसैया स्थित इफको बाजार में डीएपी तो है, लेकिन यहां एक बोरी डीएपी खाद के साथ एक नैनो यूरिया भी दी जा रही है। किसानों ने सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
इन दिनों गन्ने की बोआई चल रही है, वहीं समितियों से डीएपी खाद नदारद है। सिसैया स्थित इफको बाजार में डीएपी खाद की उपलब्धता है। इसी का फायदा उठाकर इफको बाजार किसानों को डीएपी खाद के साथ नैनो यूरिया लेने के लिए बाध्य कर रहा है। इसको लेकर किसानों से झड़पें भी हो रहीं हैं। इसकी शिकायत रामप्रताप वाजपेयी, धनीराम, ललित कुमार, रिंकू श्रीवास्तव आदि किसानों ने मुख्यमंत्री पोर्टल सहित एसडीएम राजेश कुमार से की है।
एसडीएम राजेश कुमार ने बताया, समितियों में खाद की जांच कराई जाएगी। यदि कोई उत्पाद जबरन दिया जा रहा है तो कार्रवाई होगी। इफको बाजार के मैनेजर राधे श्याम ने बताया डीएपी के साथ नैनो यूरिया लेने के लिए कोई बाध्यता नहीं है, पर नैनो ऊपर से बेचने के निर्देश है, इसलिए दे रहा हूं।