लखीमपुर खीरी। कभी कभार कान में घांटी या सीटी बजने का एहसास होता है। यह संकेत कान में होने वाली टिनिटस नाम की बीमारी के है। इन दिनों यह बीमारी लोगों में बढ़ी है। जिला अस्पताल से लेकर निजी अस्पतालों में इस तरह के मरीज लगातार आ रहे हैं। कानों की नसें कमजोर होने से यह दिक्कत आती है।
आज के समय में लोग मोबाइल में हेडफोन ज्यादा इस्तेमाल करते हैं। यही कारण है कि कम उम्र में ही वह टिनिटस नाम की बीमारी का शिकार हो रहे हैं। इस बीमारी में कान में घंटी या सीटी बजने जैसी आवाज आती है। यह आवाज बाहरी नहीं होती है। अधिकांशतः यह समस्या अस्थायी होती है। कुछ मामलों में यह समस्या लंबे समय तक रह सकती है। इससे सुनने की क्षमता भी प्रभावित हो जाती है।
जिला अस्पताल में भी इस समय कानों की समस्या को लेकर करीब 120-170 मरीजों की ओपीडी रहती है। इसमें टिनिटस के सप्ताह में करीब आठ-दस मरीज आ रहे हैं। चिकित्सक उन्हें हेडफोन के बजाय मोबाइल को हैंड फ्री करके बात करने की सलाह दे रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है ऐसी समस्या आने पर कुशल डॉक्टर से ही परामर्श लें। लापरवाही करने से यह समस्या और भी गंभीर हो सकती है।