पलियाकलां। पलिया में छोटी रेललाइन का संचालन बाढ़ से रिसाव का कारण बताकर बंद करने और ब्राॅडगेज लाइन को पलिया होकर न लाए जाने पर रेल नहीं तो वोट नहीं की मुहिम छेड़ते हुए शहरवासियों ने मंगलवार को एकजुटता का प्रदर्शन दिखाया। लोगों ने जुलूस निकालकर तहसील पहुंचकर रेलमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को दिया। शहरवासियों का कई संगठनों ने भी साथ दिया।
मंगलवार को सुबह से ही पलिया शहर के लोग रामलीला मेला मैदान में एकत्र होना शुरू हो गए थे। यहां से सभी ने जुलूस निकालते हुए रेल नहीं तो वोट नहीं का नारा लगाते हुए तहसील परिसर पहुंचकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। साथ ही पलिया में ब्राॅडगेज लाइन लाने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई।
रेलमंत्री को संबोधित ज्ञापन में कहा गया है कि देश में कई ऐसे पार्क हैं, जिनमें से हाई स्पीड ट्रेनों का आवागमन हो रहा है, लेकिन सिर्फ दुधवा पार्क को लेकर हम सबको ट्रेन सेवा से वंचित कर देना न्यायोचित नहीं है।
मैलानी से भीरा होते हुए रायबोझा नानपारा तक ब्राॅडगेज लाइन होने के बावजूद पलिया, तिकुनिया, बेलरायां, बहराइच आदि को रेल सेवा से वंचित होना पड़ेगा। ऐसे में पलिया समेत इन जगहों पर व्यापार भी पूरी तरह से प्रभावित होगा। ऐसे में रेल नहीं तो वोट नहीं का नारा देते हुए शहरवासी मांग करते हैं कि नए रेलमार्ग को ब्राॅडगेज के रूप में करते हुए पलियाकलां, बेलरायां, तिकुनिया व दिए गए स्टेशनों को भी शामिल करने की मांग को स्वीकार किया जाए।
15 दिनों में कोई निर्णय न होने पर आंदोलन करने की भी चेतावनी दी गई है। शहरवासियों की इस मुहिम को पलिया बार एसोसिएशन, पलिया टैक्स बार एसोसिएशन, जायसवाल समाज, नगर व्यापार मंडल समेत कई संगठनों ने समर्थन करते हुए अपने-अपने लैटर पैड पर ज्ञापन तहसीलदार को सौंपे हैं।
ट्रेनों का संचालन बंद होने से लोगों में रोष
- बैठक कर किया आरपार की लड़ाई का एलान
संवाद न्यूज एजेंसी
बेलरायां। मैलानी-नानपारा के बीच एक माह से ट्रेनों का संचालन बंद होने से नाराज सैकड़ों लोगों ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य अशोक शर्मा के आवास पर बैठक की। बैठक में ट्रेनों का पुनः संचालन कराने तथा पलिया और नानपारा के बीच ब्राॅडगेज लाइन के लिए निर्णायक जंग लड़ने का एलान किया गया। नागरिकों ने रेल नहीं तो वोट नहीं का नारा भी लगाया।
बैठक में नगर व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष रमाशंकर पांडेय ने कहा कि मैलानी-नानपारा के बीच भीरा स्टेशन से रायबोझा के बीच निकली मीटरगेज रेलवे लाइन के आमान परिवर्तन को लेकर फैले भ्रम की स्थिति पर रेल मंत्रालय ने अभी कोई स्पष्ट नोटिफिकेशन जारी नहीं किया है। ब्राॅडगेज के लिए करीब 30 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों के संगठन का पंजीकरण कराकर संगठन के जरिए रेल संचालन शुरू कराने से लेकर मीटर गेज रेल लाइन को ब्राॅडगेज रेललाइन में परिवर्तन करने की लड़ाई लड़ी जाएगी।
व्यापारी विनय जायसवाल ने कहा कि रेल बंद होने से पूरे इलाके का कारोबार चौपट हो गया है। जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी नारायण वर्मा ने कहा कि बड़ी लाइन कराने के लिए दिल्ली में रेल मंत्री से मांग की जाएगी। इस मौके पूर्व जिला पंचायत सदस्य अशोक शर्मा, ध्रुव वर्मा, सर्वेश शर्मा, धर्मेंद्र कुमार, प्यारेलाल, विक्रम यादव, इंद्रपाल सिंह, दिनेश वर्मा वर्मा आदि मौजूद रहे।
बेलराया मे मैलानी नानपारा रेल लाइन के आमान परिवरतन को लेकर हुई बैठक। संवाद