पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लिया
पिता ने खेत छुड़ाने के लिए लेकर बेचा था घर
लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र के एलआरपी चौकी के अंतर्गत एक बेटे ने रुपये न देने पर पिता की लाठी से पीटकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया। बताया गया कि आरोपी युवक नशा करता था। नशे की हालत में ही उसने हत्याकांड को अंजाम दिया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एलआरपी चौकी अंतर्गत चिमनी गांव निवासी मृतक जगदीश प्रसाद की पत्नी रामश्री ने बताया कि उसके छोटे बेटे दर्शन ने शराब के नशे में लाठी से पीटकर पिता की हत्या कर दी। मृतक की पत्नी ने बताया कि उसके पति जगदीश प्रसाद ने खेत छुड़ाने के लिए घर बेचा था। मृतक की पत्नी ने बताया कि बसंती नाम के एक व्यक्ति ने एक लाख 80 हजार रुपये में घर खरीदा था। रुपये भी बसंती के पास ही जमा थे। बताया कि काफी दिन से दर्शन घर पर बसंती से रुपये लाने का दबाव बना रहा था।
रामश्री ने बताया कि बृहस्पतिवार को भी नशे में धुत होकर दर्शन ने अपने पिता पर रुपये देने का दबाव बनाया था। पिता ने रुपये देने से मना किया तो दर्शन ने पिता को लाठी से पीटकर मौत के घाट उतार दिया। उधर, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा और आरोपी लड़के को हिरासत में ले लिया।
सीओ सदर संदीप सिंह ने बताया कि नशे की हालत में युवक ने अपने ही पिता की लाठी से पीटकर हत्या कर दी है। आरोपी अपने पिता से पैसे की मांग कर रहा था। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी लड़के को हिरासत में लिया गया है। विधिक कार्रवाई की जाएगी।