डीएम ने पहुंचकर जाना विकास का हाल, अफसरों को लगाई लताड़
- समाधान दिवस पर प्राथमिक विद्यालय में सुनी समस्याएं
समाधान दिवस के बाद डीएम आकाशदीप गांव खूंटीखुर्द पहुंचे और गांव में हुए विकास कार्यों का हाल जाना। डीएम के सामने इंदिरा आवास, प्रधानमंत्री आवास के अलावा पेंशन आदि की शिकायतों की झड़ी लग गई। गांवों की गलियों में भरा पानी, कीचड़ के साथ व्याप्त गंदगी देख डीएम ने मातहतों को जमकर फटकार लगाई।
डीएम आकाश दीप के गांव खूंटी खुर्द पहुंचने की जानकारी शुक्रवार की शाम ही तहसील और ब्लॉक स्तर के अफसरों को हो गई थी। इससे सुबह से ही गांव के प्राथमिक स्कूल में अफसरों का जमावड़ा शुरू हो गया था। खंड विकास अधिकारी पसगवां नजमा सिद्दीकी के चेहरे पर डीएम का खौफ साफ झलक रहा था। मितौली के समाधान दिवस के बाद डीएम का काफिला जब गांव पहुंचा तो कड़ी धूप में इंतजार कर रहे ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। गांव में इंदिरा आवास, प्रधानमंत्री आवास, विधवा पेंशन, साफ-सफाई आदि को लेकर शिकायतों की झड़ी लग गई। डीएन ने ग्रामीणों से कहा कि जब सफाई कर्मचारी नहीं हुआ करते थे, तब क्या सफाई नहीं होती थी, लेकिन आज के समय हम आप अपनी जिम्मेदारी नहीं समझते हैं। गांव में विकास कार्यों का जायजा लेने के दौरान रास्तों में भरे पानी, कीचड़ और गंदगी देख कर जिम्मेदार अफसरों को जमकर लताड़ लगाई। बिजली समेत अन्य समस्याओं के निस्तारण के लिए डीएम ने दो दिन बाद गांव में कैंप लगाकर समस्याओं के समाधान कराने का आश्वासन दिया। डीएम की बैठक के बीच गांव के राजकुमार के गश खाकर गिरने से कुछ देर वहां हड़कंप मचा रहा।