करीब 13 साल पहले हुआ था प्रेम विवाह
गढ़ी रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी निवासी अंशुल ने खुशबू के साथ करीब 13 साल पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ साल के बाद दोनों को एक बेटी और बेटा हुआ। सब कुछ सामान्य चल रहा था। इस बीच खुशबू का संबंध एक युवक के साथ हो गया। परिजनों के मुताबिक अंशुल को शक था कि उसका राघव नाम के युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी के चलते उसने घटना को अंजाम दिया। बेटी कक्षा सात की छात्रा है, वहीं बेटा कक्षा तीन का छात्र है।
बचाने में नाकाम रही मृतका की सरहज
पुत्री के मुताबिक चाकू मारने के दौरान घायल हुई खुशबू की चीख पुकार सुनकर मृतका की सरहज प्रीती दौड़ कर आई। लेकिन वह खुशबू को बचाने में नाकाम रही। बताया कि हमने और मामी के साथ मिलकर मम्मी को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नाकाम रहे। घटना को अंजाम देकर पापा घर से भागने लगे। हालांकि पुलिस ने उसे पकड़ लिया। मृतका के भाई की पत्नी प्रीति भी मदद मांगने के लिए बाहर आई लेकिन मदद के लिए कोई नहीं आया।
सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। आरोपी को हिरासत में लिया गया है। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है।