लखीमपुर खीरी में विवाहिता की पिटाई के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली, लेकिन आरोपी पति पर कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित महिला के मायकेवालों ने मुख्यमंत्री, डीएम, एसपी को शिकायत भेजकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
लखीमपुर खीरी के धौरहरा निवासी विवाहिता की उसके पति ने बुरी तरह से पिटाई कर दी। पिटाई से विवाहिता के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान हैं। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो विवाहिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराने के बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट तो दर्ज कर ली, लेकिन कार्रवाई नहीं की। पीड़िता न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।
विज्ञापन
शहर के गांव छाउछ निवासी जसविंदर सिंह ने अपनी पुत्री कुलविंदर कौर की शादी झिलमिल सिंह निवासी ग्राम टापरपुरवा थाना धौरहरा से की थी। आरोप है कि पति झिलमिल सिंह व उसके भाई कुलदीप सिंह ने विवाहिता की किसी बात को लेकर लोहे की राड से पिटाई कर दी। पिटाई से कुलविंदर कौर गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और विवाहिता को इलाज के लिए सीएचसी धौरहरा में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उसे लखीमपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
विवाहिता का पैर टूट जाने के चलते उस पर प्लास्टर किया गया। यह भी आरोप है कि जिला अस्पताल के चिकित्सक ने कई बार दौड़ने के बाद मेडिकल रिपोर्ट नहीं दी। इधर पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न होने की वजह से पीड़िता के परिजन न्याय के लिए भटक रहे हैं। परिजनों ने मुख्यमंत्री, डीएम, एसपी को शिकायत भेजकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।