लखीमपुर खीरी। जिले में जनगणना की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसके तहत पहले चरण में मकानों की गणना की जाएगी, जिसके बाद जनसंख्या की गिनती होगी। इसके लिए प्रगणक और सुपरवाइजर को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला प्रशासन ने प्रशिक्षण की तिथियां तय कर दी हैं। प्रगणक और सुपरवाइजर का प्रशिक्षण 20 अप्रैल से शुरू होकर 4 मई, 2026 तक चलेगा। इस दौरान 7392 प्रगणक, 1263 सुपरवाइजर और 10 प्रतिशत रिजर्व सहित कुल 9524 कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के बाद सभी कर्मचारी अपने-अपने प्रगणना ब्लाॅक में जाकर 22 मई से 20 जून के बीच मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य करेंगे।
वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार लखीमपुर खीरी की आबादी 40.21 लाख थी, जबकि वर्तमान में यह आंकड़ा बढ़कर करीब 46 से 48 लाख तक होने का अनुमान है। हालांकि, सही जनसंख्या का आंकड़ा जनगणना के बाद ही सामने आएगा।
एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि प्रगणक और सुपरवाइजर को मास्टर ट्रेनर द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिन्हें पहले ही प्रशिक्षित किया जा चुका है।