दुबहा में आरोपी के यहां बरामद शीशम के बोटे। स्रोत: वन विभाग
मझगई। वन रेंज क्षेत्र के गांव दुबहा में वन विभाग ने लकड़ी के अवैध कटान की सूचना पर बृहस्पतिवार सुबह करीब 11:30 बजे इरफान पुत्र एजाज के घर छापा मारकर शीशम के बोटे, शीशम का चिरान और लकड़ी काटने की एक कटर मशीन बरामद की। कार्रवाई के दौरान सभी आरोपी भाग गए।
वन विभाग के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि गांव में अवैध रूप से शीशम की कटाई कर लकड़ी का भंडारण किया गया है। सूचना पर टीम ने दबिश देकर घर के अंदर से बेशकीमती शीशम के बोटे, चिरान और कटर मशीन बरामद कर कब्जे में ले ली।
मामले में इरफान, गुड्डू, सर्वेश, इस्माइल उर्फ छोटे, चुन्नू और प्रकाश समेत आधा दर्जन लोगों को नामजद किया गया है। छापेमारी के दौरान सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश में वन विभाग की टीम लगातार दबिश दे रही है।
वन विभाग ने बरामद लकड़ी कब्जे में लेकर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अभी यह पुष्टि नहीं हो सकी है कि लकड़ी का कटान कहां से किया गया था। वन क्षेत्राधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि वन संपदा के अवैध कटान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।