मई का महीना शुरू होते ही गर्मी अपने शबाब पर आ गई है। कड़ी धूप और भीषण गर्मी के कारण लोग बेहाल हैं। बढ़ते तापमान के साथ लोगों की दिक्कतें भी बढ़ती जा रही हैं। लोग गर्मी जनित बीमारियों के शिकार हो रहे हैं। गर्मी के साथ बिजली के भी दगा देने से लोगों का दिन का चैन और रात की नींद उड़ गई है।
सोमवार को अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सोमवार को सुबह से ही धूप इतनी चटक थी कि लोगों को बाहर निकलने के लिए बड़ी हिम्मत जुटानी पड़ रही थी। कड़ी धूप से बचाव के लिए महिलाओं को अपना पूरा वदन ढक कर निकलना पड़ा। उधर पुरुषों ने सिर पर कैप लगाकर अपना बचाव किया।
कड़ी धूप के कारण सोमवार को सुबह 11 बजते ही सड़कों पर सन्नाटा छा गया। शाम चार बजे के बाद ही जब कुछ धूप ढली तो सड़कों पर रौनक लौट आई। शाम के समय मौसम कुछ ठंडा हुआ तो लोग घरों से बाहर निकल आए। भीषण गर्मी के साथ अभी से जनजीवन अस्तव्यस्त होने लगा है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों को स्कूल से वापसी के समय हो रही है।
पारा चढ़ा लोग परेशान
पलियाकलां। दिन पर दिन तेज हो रहे पारे से लोगों परेशान हो उठे हैं। तेज धूप सुबह से ही लोगों को भरी दोपहरी का एहसास करा रही है। हवा चलने के बाद भी बढ़े पारे के कारण लोग पसीने से तर बतर हो रहे हैं। दिन में धूप से बचने के लिए लोगों ने छाते आदि का सहारा लेना शुरू कर दिया है।