नेपाल में भूकंप पीड़ितों के लिए युवराजदत्त महाविद्यालय के शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने अप्रैल माह का एक दिन वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में भेजा है। एक लाख बीस हजार तीन सौ चौबीस रुपये का बैंक ड्राफ्ट मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा करने के लिए सोमवार को वरिष्ठ कोषाधिकारी को सौंपा है।
भूकंप पीड़ितों के लिए बच्चों ने चंदा मांगा
मोहम्मदी। नगर के उमा देवी चिल्ड्रेंस एकेडमी के बच्चों और शिक्षकों ने नेपाल के भूकंप पीड़ितों की मदद के लिए चार दिवसीय चंदा एकत्रीकरण कार्यक्रम शुरू किया। बच्चों ने पहले ही दिन 35 हजार रुपये एकत्र किए। इस कार्यक्रम के तहत बच्चों ने क्षेत्र में शंकरपुर चौराहा, सुखबसा, पसगवां, जेबीगंज, उचौलिया और मोहम्मदी में बरवर रोड तथा तालिब अली चौराहे पर भ्रमण कर चंदा मंागा।
बच्चों ने सभी छोटे-बड़े दुकानदारों, राहगीरों यहां तक कि फेरी तथा ठेला वालों से भी चंदा लिया। इस दौरान बच्चों ने कई अनोखे अनुभव भी प्राप्त किए। शंकरपुर चौराहे पर एक पान की दुकान वाले से चंदा मांगने पर उसने अपनी गुल्लक खोली और उसमें मात्र सौ रुपये का नोट था और वह उसने बच्चों को दान में दे दिया। बच्चों ने मोहम्मदी तहसील के वकीलों, अधिकारियों समेत सिकंदराबाद, अमीरनगर, पिपरिया, तथा रेहरिया में चंदा मांगा। बच्चों में नेहा, साक्षी, ऊर्जा, कल्याणी, बलजिंदर, शिवी, नेहा, अनुष्का, निकिता, अनामिका, नीलू, निर्मल, इंद्रानी, हिमांशी आदि रहे।
राहत सामग्री भेजी ः पलियाकलां में एसएसबी 39वीं वाहिनी ने नेपाल के भूकंप पीड़ितों को राहत सामग्री भेजी है। इसे ले जाने वाले दल का नेपाल में सुरक्षा बलों ने स्वागत किया। गौरीफंटा से नेपाल में प्रवेश करने के बाद वहां के सुरक्षा बलों ने एसएसबी दल का स्वागत किया और इसके बाद ट्रक आगे रवाना हो गया।