मैगलगंज। बेटी की मौत और पिता की गुमशुदगी के मामले में कार्रवाई की मांग लेकर चौकी पहुंचे परिजनों को शुक्रवार को खाली हाथ लौटना पड़ा। आरोप है कि करीब एक घंटे इंतजार कराने के बाद चौकी इंचार्ज ने त्योहार का हवाला देकर उन्हें वापस भेज दिया। इससे पहले अधिकारियों ने दोनों मामलों में तय समय के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया था। मैगलगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की छात्रा और उसी गांव के सजातीय छात्र के शव बुधवार को औरंगाबाद-मूड़ा बसही मार्ग के पास गन्ने के खेत में पेड़ से लटके मिले थे।
छात्रा के पिता 12 फरवरी से लापता हैं। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी, लेकिन करीब आठ महीने बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला है।
परिजन छात्रा की मौत को हत्या मानते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों की मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है। परिवार रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं है। दुष्कर्म की आशंका के चलते स्लाइड भी जांच के लिए भेजी गई है।
शुक्रवार को परिजन औरंगाबाद चौकी पहुंचे थे। उनका आरोप है कि करीब एक घंटे इंतजार कराने के बाद चौकी इंचार्ज ने त्योहार के कारण फिलहाल कुछ नहीं हो पाने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया।
त्योहार के बाद मामले को देखकर कार्रवाई आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया गया। परिजनों का कहना है कि बेटी की मौत और पिता की गुमशुदगी से परिवार पहले ही परेशान है। ऐसे में चौकी से लौटाए जाने से उनकी चिंता और बढ़ गई है।