शासन पर आशा बधुओं पर उपेक्षा का आरोप
आशा एसोसिएशन ने अपनी छह सूत्री मांगों को लेकर नसीरुद्दीन मौजी भवन में धरना प्रदर्शन किया। एसोसिएशन की संरक्षक कुंतेश सिंह ने धरना सभा को संबोधित करते हुए आशा वर्कर्स की समस्याएं रखते हुए शासन पर आशा बहुओं की उपेक्षा का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि अप्रैल 2016 से अब तक किसी भी पीएचसी, सीएचसी आशा और संगनियों का भुगतान नहीं किया गया है। मांग का भुगतान अविलंब प्रदान किया जाए। पीएचसी, सीएचसी पर आशा वर्कर्स के ठहरने की कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई है। यह व्यवस्था अविलंब सुनिश्चित कराई जाए। उच्च शिक्षा प्राप्त आशा वर्कर्स को टीकाकारण का प्रशिक्षण दिलाया जाए। पूर्व चयनित आशाओं का सात दिवसीय और 12 दिवसीय प्रशिक्षण कराया जाए। जिससे वे ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन का कार्यक्रम सुचारू रूप से कर सकें।
कुंतेश सिंह ने कहा कि शासनादेश दिनांक 12 दिसंबर/14-15 के अनुसार आठ माह का भुगतान नहीं किया गया है। यह भुगतान अविलंब कराया जाए। जिन सीएचसी, पीएचसी पर छठे और सातवें मॉड्यूल का प्रशिक्षण नहीं हुआ है उसे अतिशीघ्र कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो सभी आशा वर्कर्स 23 अगस्त से टीकाकरण, पल्स पोलियो और सभी राष्ट्रीय कार्यक्रमों का बहिष्कार शुरू कर देंगी।
धरना सभा को अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया। इस मौके पर जिले भर र्से आइं सैकड़ों आशा वर्कर्स और संगनियां मौजूद रहीं।