शारदानगर। चौकी क्षेत्र के बड़ागांव में एक घर में अचानक आग लग गई। लपटों की चपेट में आकर तीन अन्य घर जलकर राख हो गए। पीड़ितों का हजारों का नुकसान हुआ है। इसके अलावा पलिया क्षेत्र की ग्राम पंचायत जंगल नंबर सात के मजरा सूरजपुर स्थित छप्परपोश घर में लगी आग से सारा सामान जलकर खाक हो गया, जिसमें हजारों का नुकसान हुआ है।
गांव निवासी शाकिर शाह ने बताया कि वह मजदूरी करने गए थे। घर पर पत्नी और बच्चे थे। शनिवार दोपहर किसी तरह छप्पर में आग लग गई। लपटें उठती देख घर वाले जान बचाकर बाहर भागे। गांव में अफरातफरी मच गई। आग की लपटों ने पड़ोसी छोटन, चुन्नू और गौहर अली के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने पुलिस को खबर की और आग बुझाने का प्रयास किया। जब तक आग काबू होती तब तक चारों घर जलकर राख हो गए। पीड़ितों ने बताया कि मजदूरी कर किसी तरह परिवार पालते हैं। आग में 30 हजार रुपये नकद, अनाज, साइकिल, कपड़े, जेवर और घर गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित खुले आसमान में आ गए है।
गुलरिया। सूरजपुर निवासी मिलाप सिंह शारदा नदी में घर कट जाने की वजह से बगिया खेड़ा, आमटांडा नहर पुल के पास घासफूस का छप्परपोश का घर बनाकर तीन साल से रहते हैं। शुक्रवार की रात नौ बजे नहर के समीप रह रहे सूरजपुर गांव में मिलाप सिंह के घर में अचानक आग लग गई। जब तक गांव के लोग वहां पर पहुंचे तब तक घर का सारा समान अनाज, कपड़ा, बर्तन, जेवर, चारपाई आदि जलकर खाक हो चुका था। आग में हजारों का नुकसान बताया गया है। रात में ही उन्होंने आग लगने की सूचना क्षेत्रीय लेखपाल जितेंद्र कुमार को दी। सुबह मौके पर पहुंचे लेखपाल ने जांच कर शासकीय सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है। आग लगने का कारण का पता नहीं लग सका है। संवाद