स्वास्थ्य सचिव ने यूपीटीएसयू के निदेशक को जारी किए निर्देश
स्वास्थ्य कर्मियों की सैलरी पर मानव संपदा का ग्रहण नहीं लगेगा और न ही अब उनकी होली फीकी होगी। इसके लिए सवास्थ्य सचिव वी हेकाली झिमोमी ने यूपीटीएसयू के निदेशक को कर्मचारियों को फरवरी माह का भी वेतन होली से पहले देने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टरों और कर्मचारियों का रिकार्ड इकट्ठा करने के लिए मानव संपदा साफ्टेवयर तैयार कराया है, जिस पर सभी का रिकार्ड इकट्ठा किया जा रहा है। हालांकि इसमें कुछ लोग लापरवाही कर रहे थे, जिस पर विभागीय अधिकारियों ने डॉटा अपलोड के बाद ही सैलरी देने के निर्देश दिए थे, जिससे सभी की सैलरी रुक गई थी। वहीं जिन लोगों का डॉटा अपलोड हो चुका है, उनमें सैलरी के न मिलने पर नाराजगी बढ़ने लगी थी। इन सभी का कहना था कि सैलरी उनकी रोकी जाए, जिनका डॉटा अपलोड नहीं है, लेकिन इनके कारण सभी की सैलरी रोकना गलत है। वहीं कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों ने भी सीएमओ से होली से पहले सैलरी दिलाने की मांग करते हुए कार्य बहिष्कार की चेतवानी दी थी। मामला संज्ञान में आने के बाद स्वास्थ्य सचिव वी हेकाली झिमोमी ने कर्मचारियों को जनवरी और फरवरी माह का वेतन होली से पहले देने के निर्देश उत्तर प्रदेश तकनीकी सहयोग इकाई के अधिशासी निदेशक विकास गोठलवाल एवं राज्य सूचना अधिकारी को दिए हैं।
सीएमओ डॉ. जावेद अहमद ने कहा कि स्वास्थ्य सचिव ने जनवरी, फरवरी माह की सैलरी होली से पहले देने के निर्देश कर दिए हैं, कुछ लोगों के खातों में जनवरी माह की सैलरी पहुंच भी गई है, जल्द ही सभी के खातों में दोनो माह की सैलरी पहुंच जाएगी।
सीएमओ ने ये भी बताया कि जनवरी और फरवरी माह का वेतन तो होली से पहले मिल जाएगा, लेकिन मार्च का वेतन अप्रैल में तभी मिलेगा जब डॉटा अपलोड हो जाएगा। इसलिए जो कर्मचारियों अब तक अपना डॉटा साफ्टवेयर पर अपलोड नहीं करा सके हैं या उनमें कोई गलती है तो उसे ठीक करा लें अन्यथा मार्च का वेतन नहीं मिलेगा।