मितौली। थाना क्षेत्र में कस्ता-पिपरझला मार्ग पर चंदपुरवा गांव के पास एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर खाई में पलट गई। हादसे में पति-पत्नी सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और डेढ़ वर्षीय मासूम बालक की मौके पर ही मौत हो गई।
लखीमपुर शहर के मोहल्ला द्वारिकापुरी के रहने वाले शिवली व उनकी पत्नी रफत अपने बच्चे के साथ गोला से लखनऊ जा रहे थे। इसी दौरान मढ़िया चौकी क्षेत्र में चंदपुरवा गांव के पास उनकी कार बेकाबू होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को ग्रामीणों ने किसी तरह बाहर निकाला। हादसे में रफत व उनकी पत्नी शिवली को गंभीर चोटें आईं हैं, जबकि उनके बेटे सरफराज (डेढ़ साल) की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस मितौली सीएचसी भेजा, जहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। दंपती की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। सूचना पाकर पूर्व विधायक सुनील लाला मितौली सीएचसी पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
घने कोहरे के कारण तीन अलग-अलग हादसे, बाल बाल बचे लोग
धौरहरा। ढखेरवा धौरहरा मार्ग पर सोमवार सुबह घने कोहरे के कारण तीन अलग अलग सड़क दुर्घटनाएं हुईं, लेकिन तीनों हादसों में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। कोतवाली क्षेत्र में पहली घटना धौरहरा ढखेरवा मार्ग पर लालजीपुरवा गन्ना क्रेशर के निकट हुई। यहां दो ट्रकों की आमने सामने भिड़ंत हो गई। जिससे धौरहरा ढखेरवा मार्ग भारी जाम लग गया और कई घंटे आवागमन प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम हटवाया।
दूसरी घटना लालजी पुरवा पुरवा गांव के निकट की है जहां ट्रक गांव निवासी पंचम के खोखे को तोड़ता हुआ घर में घुस गया। लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई। खोखा टूट गया। तीसरी घटना महादेव गन्ना क्रेसर के पास हुई। यहां एक कार गन्ने से भरी बैलगाड़ी में जा घुसी। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। संवाद