लखीमपुर खीरी। तिकुनिया हिंसा मामले में एडीजे देवेंद्र नाथ सिंह की अदालत में पोस्टमाॅर्टम करने वाले डॉक्टर एसके मिश्र ने बृहस्पतिवार को अपने बयान दर्ज कराए। इनसे बचाव पक्ष की ओर से लंबी जिरह पूरी कर ली गई है। अदालत ने सुनवाई लगातार जारी रखने का आदेश दिया है, जिसके चलते तिकुनिया हिंसा में मृतक पत्रकार रमन कश्यप का पोस्टमाॅर्टम करने वाले डॉक्टर कोहली को शुक्रवार को गवाही के लिए तलब किया गया है।
अभियोजन की ओर से बृहस्पतिवार काे तिकुनिया हिंसा मामले में मृतक दलजीत सिंह और नक्षत्र सिंह के शव का पोस्टमाॅर्टम करने वाले डॉक्टर एसके मिश्र को पेश किया गया, जिन्होंने अपने बयान में मृतकों के शव परीक्षा के दौरान उनके शव पर पाई गई मृत्यु पूर्व चोटों का विवरण अदालत में दर्ज कराया। अपने बयान में डॉक्टर ने मृतकों की मौत के संभावित कारणों से भी अदालत को अवगत कराते हुए पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट की पुष्टि की है।
अभियोजन की गवाही के बाद बचाव पक्ष की ओर से जिरह करने के साथ ही कई पेचीदा बिंदुओं पर अपनी दलील रखी गई। उनके बयान के बाद अदालत ने शुक्रवार को भी सुनवाई जारी रखने की बात कही है, जिसके चलते अभियोजन की ओर से शुक्रवार को डॉक्टर कोहली को पेश करने की रणनीति बनाई है।