लखीमपुर खीरी। जगसड़ स्थित कोविड- 19 अस्पताल में भर्ती मरीज रविवार रात को खाने में जली, अधपकी और सख्त रोटियां देखकर भड़क गए। मरीजों ने खाना खाने से इनकार कर दिया और हाथ में रोटियां लेकर प्रदर्शन करने लगे। कुछ लोगों ने मरीजों के प्रदर्शन और खाने की खराब गुणवत्ता का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। रविवार देर रात वायरल वीडियो से जिला प्रशासन और सेहत महकमे के लोगों के नीद उड़ गई। सुबह होते ही डीएम और सीएमओ कोरोना अस्पताल पहुंच गए। मरीजों की शिकायत पर अस्पताल प्रभारी एवं ठेकेदार को फटकार लगाकर खाने की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही मरीजों को बेहतर खाना मुहैया कराने का भरोसा दिलाया।
रविवार रात को कोरोना अस्पताल में भर्ती संक्रमितों को जो खाने के पैकेट दिए गए, उसमें से किसी में जली, किसी में अधपकी तो किसी में सख्त रोटियां निकलीं। चावल, सब्जी आदि की गुणवत्ता भी बेहद खराब थी। मरीजों ने इसे खाने से इनकार कर दिया। नाराज मरीजों ने भोजन के पैकेट एक तख्त पर फेंक दिए। साथ जली रोटियां हाथ में लेकर प्रदर्शन करने लगे। कुछ लोगों ने गुणवत्ताविहीन खाना और प्रदर्शन करने वालों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मरीजों का कहना था कि जैसा खाना हम लोगों को खाने के लिए दिया जा रहा है, इसे जिम्मेदार स्वयं खाकर दिखाएं। मरीज काफी देर तक हंगामा करते रहे। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर रविवार सुबह डीएम कोरोना अस्पताल पहुंचे और मरीजों से बात की। इस पर मरीजों ने उन्हें खाने की हकीकत बताई। रसोईं में जाकर डीएम ने बनी रखी सब्जी और बनाई जा रही रोटियों की गुणवत्ता देखी। डीएम ने खाने की खराब गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए अस्पताल प्रभारी डॉ. बलबीर सिंह और ठेकेेदार को खाने की क्वालिटी बेहतर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाना बनाते समय यह ध्यान रखें कि न रोटियां जलें और न ही अधपकी व सख्त रहने पाएं। दाल, सब्जी और चावल भी बेहतर बनें। उन्होंने मरीजों को अच्छा भोजन देने का भरोसा दिलाया। इस दौरान सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल, डॉ. आईके चंदानी, डॉ. बलबीर सिंह आदि मौजूद रहे।
कोरोना अस्पताल में लगेगी रोटी मेकिंग मशीन और आरओ प्लांट
रोटियों को लेकर की गई मरीजों की शिकायत को संज्ञान में लेकर डीएम ने अस्पताल में रोटी मेकिंग मशीन एवं रोटियां कैसेरोल में रखकर देने के साथ पानी के लिए तीनों मंजिल पर आरओ लगवाने के निर्देश दिए।
डीएम ने अपने सामने कराई सफाई
कोविड अस्पताल पहुंचे डीएम से मरीजों ने गंदगी की भी शिकायत। इस पर जब उन्होंने अस्पताल का स्वयं निरीक्षण किया तो सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई और अपने सामने साफ सफाई कराई।
खाने की गुणवत्ता को लेकर मरीजों ने आपत्ति जताई है। इसके लिए सीएमओ, अस्पताल प्रभारी और ठेकेदार को सख्त चेतावनी दी है। साथ ही खाने की नियमित जांच के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं और मैं स्वयं औचक निरीक्षण करूंगा।
-शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम