लखीमपुर खीरी। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के पीछे जिला प्रशासन की उदासीनता और लोगों की लापरवाही है। न तो जिला प्रशासन सख्ती करने के मूड में है और न ही लोग जागरूक होने को हैं। ऐसे में जिला अस्पताल में हो रही भीड़ संक्रमण को बढ़ावा दे रही है।
जिला और महिला अस्पताल में पर्चा काउंटर से लेकर डॉक्टर को दिखाना हो या फिर दवा लेनी हो हर तरफ भीड़भाड़ रहती है। हालांकि अस्पताल प्रशासन ने सामाजिक दूरी का पालन कराने के लिए सुरक्षाकर्मी लगा रखे हैं, लेकिन मरीज हैं कि न तो सावधानी बरते हैं और न ही उनकी सुनती हैं। जबकि महिला अस्पताल का स्टाफ भी संक्रमित मिल चुका है और जिला अस्पताल में भी रिपोर्ट लेने आए लोग संक्रमित निकल रहे हैं। ऐसे में जिला एवं महिला अस्पताल खतरे से खाली नहीं है।
दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने में भूले सामाजिक दूरी
जिला अस्पताल में दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने के लिए हर सोमवार को इस तरह भीड़ उमड़ती है। जबकि जिला अस्पताल में जांच रिपोर्ट लेने आ रहे संक्रमित घूमते रहते हैं।
जिला अस्पताल में उमड़ी भीड़
दवा लेने आई महिलाओं को न तो अपनी चिंता है और न ही घर परिवार की। पर्चा काउंटर हो या फिर डॉक्टर को दिखाना। हर जगह सामाजिक दूरी को दरकिनार कर घरवालों के लिए मुसीबत पैदा कर रही हैं।
अस्पताल स्टाफ मरीजों को मास्क लगाने और सामाजिक दूरी रखने के लिए प्रेरित करता है। मगर, महिलाएं मानती नहीं। बार बार टोकने पर विवाद की स्थित बन जाती है।
- डॉ. नसरीन, सीएमएस, महिला अस्पताल
दोनों गेट पर सुरक्षा गार्ड मौजूद हैं, जिससे बेवजह लोग न आ सके। एनाउंस कराकर जागरूक किया जाता है। फिर भी लोग झुंड में खड़े होते हैं। कई बार तो सुरक्षाकर्मियों से विवाद भी हो जाता है।
- डॉ. आरसी अग्रवाल, सीएमएस जिला अस्पताल