नौरंगाबाद रोड पर टूटा लटक रहा एलटी लाइन का सीमेंटेड खंभा। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। मोहल्ला नौरंगाबाद में प्राथमिक विद्यालय के पास एलटी लाइन के सीमेंटेड दो खंभे सोमवार की शाम करीब छह बजे अचानक टूट गए, जिससे बिजली के तार आसपास के घरों की छतों पर गिर गए। इससे बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन गनीमत रही किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। खंभे टूटने से मोहल्ले के करीब 200 घरों की बिजली सप्लाई बाधित हो गई।
प्राथमिक विद्यालय के पास लगे दोनों बिजली के खंभे टूटने के कारणों को लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है, क्योंकि सोमवार की शाम को न तो आंधी आई न ही तेज हवाएं चलीं। फिर भी दोनों खंभों के टूटने को लेकर बिजली विभाग के जेई अमरजीत भी अचरज में दिखे। उन्होंने आसपास के दुकानदारों से खंभे टूटने के बारे में जानकारी करनी चाही, तो ज्यादातर दुकानदारों ने अनभिज्ञता जाहिर की। किसी वाहन के टक्कर से खंभों के टूटने की ज्यादा संभावना जताई जा रही है, लेकिन दुकानदारों ने इस बात से भी इंकार किया है। जेई अमरजीत ने बताया कि नए खंभे लगाकर एलटी लाइन जोड़ने का काम कराया जा रहा है। देर रात तक मोहल्ले की सप्लाई बहाल होने की उम्मीद है।
एक माह बाद गुलरा टांडा में मिली बिजली, ग्रामीणों ने जताई खुशी
मझगईं बीते एक माह से गुलरा टांडा गांव में ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण ग्रामीणों को बिजली नहीं मिल पा रही थी। जिसको लेकर अमर उजाला ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की। खबर का यह असर हुआ और गुलरा टांडा गांव में नया ट्रांसफार्मर रखने के बाद एक माह बाद ग्रामीणों को बिजली के दर्शन हुए हैं।