लखीमपुर खीरी। जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती उल्टी दस्त से पीड़ित एक सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। जबकि बुखार पीड़ित तीन बच्चों की हालत में सुधार न होने पर मेडिकल कॉलज के लिए रेफर कर दिया गया। उधर मोहम्मदी सीएचसी क्षेत्र के गांव बैदा में बुखार पीड़ित एक बच्चे की मौत से गांव में हड़कंप है।
मोहल्ला स्वरूपनगर निवासी दुर्गेश कुमार उल्टी दस्त शुरू होने पर सात वर्षीय पुत्र रितिक, मोतीपुर निवासी सुनील कुमार 12 माह के पुत्र कन्हैया, धौरहरा निवासी कमलेश दो माह के पुत्र राजेश और बुखार आने खीरी निवासी लालमोहम्मद तीन वर्षीय पुत्र सलमान को जिला अस्पताल लेकर आए। इनकी हालत गंभीर होने पर चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती कर लिया गया। इलाज के दौरान रितिक की मौत हो गई। उधर 29 जुलाई से चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती बुखार पीड़ित ईसानगर निवासी रामगोपाल की नौ वर्षीय पुत्री राधा, निघासन निवासी प्रकाश की आठ वर्षीय पुत्री सरोजनी एवं संक्रमण से पीड़ित मूडाबुजुर्ग निवासी दुर्गेश के पांच वर्षीय पुत्र आयुष की सेहत में सुधार न होने पर सभी को मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया। जबकि अन्य का इलाज जारी है।
मोहम्मदी। सीएचसी क्षेत्र के गांव बैदा निवासी जिला पंचायत सदस्य प्रीती यादव पत्नी दिलीप यादव के छह वर्षीय पुत्र कृष को बुखार आने पर मोहम्मदी के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया, लेकिन सुधार न होने पर उसे एक अगस्त को शाहजहांपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घरवालों ने कृष की मौत दिमागी बुखार से होने की सूचना सीएमओ को दी। सीएमओ के निर्देश पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने शनिवार को गांव में एक टीम भेजकर प्रभावित बच्चों का टीकाकरण कराया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मौसमी बुखार चल रहा है। इससे बचाव के लिए ग्रामीणों को जानकारी दी गई। बच्चे की मौत किस वजह से हुई है इसकी जानकारी जांच रिपोर्ट देखने के बाद ही पता लग सकेगी।