लखीमपुर खीरी। सीएचसी अधीक्षक नकहा पर कार्रवाई न होने पर नाराज सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने मंगलवार सुबह सीएमओ कार्यालय में ताला लगा दिया। इससे ड्यूटी पर आए कर्मचारी और अधिकारी काफी देर तक गेट पर खड़े रहे। ऐसे में डीएम की ओर से कार्रवाई किए जाने का आश्वासन मिलने के बाद ही यूनियन नेताओं ने गेट का ताला खोला, जिसके बाद सीएमओ कार्यालय में कामकाज शुरू हो सका।
बता दें कि संदिग्ध कोरोना संक्रमितों के लिए नकहा ब्लॉक के गांव जगसड़ का राजकीय दृष्टिबाधित बालिका विद्यालय क्वारंटीन सेंटर बना है। इसमें सीएमओ कार्यालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मी मनोज कुमार की ड्यूटी लगी है। मनोज कुमार के मुताबिक रविवार रात करीब नौ बजे नकहा सीएचसी अधीक्षक डॉ. रामू ने साथियों के साथ आकर उसकी पिटाई कर दी। इससे नाराज चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने सीएमओ से मिलकर अधीक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। सीएमओ से संतोषजनक जवाब न मिलने पर आक्रोशित पदाधिकारियों ने मंगलवार सुबह दस बजे सीएमओ ऑफिस के गेट में ताला डाल दिया। इससे ड्यूटी पर पहुंचने वाले कर्मचारियों से लेकर अधिकारी तक बाहर खड़े रहे। इसकी सूचना पर डीएम ने सीएमओ और संगठन पदाधिकारियों को बुलाकर मामले की जानकारी ली। डीएम से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद सफाई कर्मचारियों ने गेट का ताला खोला, जिसके बाद ही कामकाज शुरू हो सका।
संगठन नेताओं ने डीएम साहब से मिलकर उन्हें मामले से अवगत कराया है। आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने कार्यालय गेट का ताला खोलकर काम करना भी शुरू कर दिया।
-डॉ. मनोज अग्रवाल, सीएमओ
डीएम साहब ने कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इस पर कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय के गेट का ताला खोल दिया है।
-विनोद कुमार, जिलाध्यक्ष चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ