मोहम्मदी पुलिस का खुलासा- प्रेम प्रसंग के चलते हुई थी युवती की हत्या
पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल, बाइक और मोबाइल बरामद
मोहम्मदी। कोतवाली क्षेत्र के गरबापुर गांव में एक मार्च को हुई युवती की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी राशिद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी राशिद ने पुलिस को बताया कि उसने युवती को किसी और से बात करते देख लिया था, जिसके बाद उसने उसे मार डाला। पुलिस ने गुमशुदगी के मुकदमे को हत्या की धारा में तरमीम करके पुलिस ने विवेचना शुरू की।
कोतवाली क्षेत्र के गरबापुर गांव के बाहर खेत में रीतू (27) का शव बरामद हुआ था। वह दो दिन पहले अपने घर से लापता हुई थी। मृतका की मां कांती ने 28 फरवरी को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एक मार्च को करीब साढ़े आठ बजे गरबापुर गांव के बाहर एक लहसुन की फसल के खेत में उसका शव मिला था। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जब खोजबीन शुरू की तो प्रेम प्रसंग के चलते रीतू की हत्या किए जाने की बात सामने आई।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी राशिद ने पुलिस को बताया कि काफी दिनों से उसका रीतू से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बीच पास के रहने वाले सर्वेश के साले विपिन से भी उसकी बातचीत होने लगी। 25 फरवरी को विपिन अपनी भांजी के जन्म पर गरबापुर आया तो राशिद ने रीतू को फिर विपिन से बातचीत करते हुए देख लिया। नाराज होकर 27 फरवरी को आधी रात रीतू को उसने फोन कर बुलाया और सूनसान झाड़ियों में ले गया और गला दबाकर हत्या कर दी। यही नहीं, रात में रीतू का शव को कंधे पर लादकर गांव के डेलखेड़ा रोड पर नरेश के ट्यूबवेल के पास खेत में शव रख दिया ताकि घरवालों को शव आसानी से मिल सके।
घटना का अंजाम देने से पहले राशिद ने अपने दोनों मोबाइल सिम तोड़ दिए और मोबाइल को फार्मेट कर दिया। एक मार्च को बौधी खुर्द से जाकर दुकान से नया सिम खरीदा। हत्या करने के बाद आरोपी इधर-उधर भागने लगा। मामले में पुलिस का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से बाइक और मोबाइल बरामद कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसका चालान भेज दिया गया।