विकलांग साथी ट्रस्ट की मासिक बैठक विलोबी मेमोरियल हाल परिसर में हुई। बैठक में विकलांगों की समस्याओं के अलावा विकलांग दिवस के कार्यक्रमों पर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुमेर वर्मा ने की। बैठक में बताया गया कि हर साल की तरह इस साल भी तीन दिसंबर को खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इन प्रतियोगिताओं में विजयी होने वाले विकलांगों को संस्था की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा।
राष्ट्रीय सचिव उमेश बरनवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार विकलांगों के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन है। समाजवादी पेंशन प्रतिमाह पांच सौ रुपये के हिसाब से भेजी जा रही है जबकि विकलांगों को बसपा शासन काल में शुरू हुई तीन सौ रुपया प्रतिमाह पेंशन नहीं दे पा रही है।
संगठन मंत्री उमा पाल वर्मा ने कहा कि सरकार विकलांगों के प्रति संवेदनशील बने। धर्मपाल ने कहा इस दिवाली पर विकलांगों को पेंशन नहीं मिल पाई। बैठक में कैलाश गुप्ता, विनोद वर्मा, जाकिर अली, रामजी, पारुल श्याम लाल आदि दर्जनों लोग मौजूद रहे।