मृतक की मां और भीम आर्मी के पदाधिकारियों को समझाते पुलिसकर्मी। संवाद
धौरहरा। किशोर पुरवा के मजरा जंगलवाली निवासी रंजीत कुमार की हत्या के मामले में डीएम की तरफ से पांच लाख रुपये की तुरंत मदद मिलने के आश्वासन पर परिजन मान गए। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिजनों के साथ प्रदर्शन में शामिल भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने सरकार से 50 लाख रुपये की भी मांग रखी।
रंजीत की बृहस्पतिवार को शहर के हाथीपुर उत्तरी में चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने हत्यारोपी को भी गिरफ्तार कर लिया था। शुक्रवार रात जब रंजीत का शव उसके गांव धौरहरा क्षेत्र के किशोरपुरवा जंगलवाली पहुंचा तो वहां भीम आर्मी के जिला महासचिव दीपक जाटव, आजाद समाज पार्टी के जिला प्रभारी सिद्धार्थ भारती ने मृतक के परिजनों से बात की। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। दीपक का आरोप है कि हत्या में एक से अधिक लोग शामिल हैं।
उन्होंने मांग की है कि टीम बनाकर मामले की जांच की जाए। पीड़ित परिवार को सरकार 50 लाख की मदद करे और डीएम पांच लाख की सहायता तुरंत दे, तब अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक शिवाजी दुबे ने परिवार सहित राजनीतिक दलों के नेताओं को भरोसा दिलाया कि पुलिस टीम निष्पक्ष जांच करेगी। आर्थिक सहायता के लिए डीएम से मिलने की बात कही, जिस पर लोग सहमत हो गए।
मृतक के सीने पर लिखा था एक लड़की का नाम
-रंजीत कुमार के सीने पर एक लड़की का नाम लिखा था। ग्रामीणों ने इधर भी पुलिस का ध्यान आकर्षित किया, जिस पर प्रभारी निरीक्षक शिवाजी दुबे ने कहा कि इस पर भी पुलिस जांच करेगी। जांच टीम को इसका वीडियो भी भेजने की बात हुई।