सीबीएसई 12 वीं का परीक्षा परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया गया। डॉन बास्को लखीमपुर के हर्ष गुप्ता ने जिले में 96.4 प्रतिशत अंक पाकर टॉप किया है, जबकि दूसरे स्थान पर डॉन बास्को के ही अभिजीत माथुर को 96.2 प्रतिशत अंक मिले, वहीं नवोदय विद्यालय मितौली की डाली वर्मा और पंडित दीन दयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर के नृपेंद्र प्रताप सिंह ने 95-95 प्रतिशत बराबर अंक पाकर तीसरा स्थान हासिल किया है। सीबीएसई बारहवीं में जिले के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। शहर के कई विद्यालयों का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा।
सीबीएसई 12वीं का परीक्षा परिणाम सोमवार को एक बजे घोषित किया गया। इस बार शहर में डान बास्को इंटर कॉलेज का परिणाम सबसे शानदार रहा। यहां के छात्र हर्ष गुप्ता ने 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में टॉप किया है। इसी स्कूल के अभिजीत माथुर 96.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में दूसरे स्थान पर हैं। इसके अलावा तीसरे स्थान पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्यामंदिर इंटर कालेज के छात्र नृपेंद्र प्रताप सिंह रहे हैं इन्होंने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में टॉप किया हैं। दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्यामंदिर इंटर कॉलेज का परिणाम भी शानदार रहा है। यहां 142 छात्र परीक्षा में शामिल हुए सभी उर्तीण हैं। इसके अलावा शहर के ग्रीनफील्ड एकेडमी के संयम सिंह ने 93.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में सातवां स्थान तथा विद्यालय में टॉप किया है। इस विद्यालय के पंजीकृत 174 विद्यार्थियों में सभी उर्त्तीण हुए हैं। इस विद्यालय की वैशाली श्रीवास्तव, कामरान, अस्था द्विवेदी और अनुरीत कौर ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। अजमानी इंटरनेशनल स्कूल के उमंग भल्ला ने 92.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में टॉप किया है। इस विद्यालय के 105 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए सभी उत्तीर्ण हैं। यहां के आनिया खिजरा असरफ, और काजल सिंह सहित कई विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। सोमवार को परीक्षा परिणाम देख बच्चे खुशी से उछल पड़े। बच्चों ने सफलता का जश्न मनाया एक दूसरे को मिठाई खिलाई। बच्चों के परिवारों में भी खुशी का माहौल रहा।