संतश्री रविशंकर की संस्था आर्ट ऑफ लिविंग ने आनंद टाकीज रोड स्थित एक मैरिज हाल में ‘आर्ट एक्सेल’ नामक छह दिवसीय शिविर का आयोजन किया, इसमें आठ से 13 वर्ष तक के बच्चों ने शिरकत की।
इस शिविर में शिक्षक महेश चंद्र जायसवाल ने अमित रस्तोगी, मीना जायसवाल और महावीर प्रसाद वर्मा के सहयोग से विद्यार्थियों को योग-प्रशिक्षण के साथ-साथ बाल सुदर्शन-क्रिया का भी अभ्यास कराया। महेश जायसवाल ने बताया कि इस कार्यक्रम में कई ज्ञानवर्द्धक, उपयोगी और खेल-प्रक्रियाओं के माध्यम से विद्यार्थियों की सक्रियता को प्रोत्साहित किया गया।
इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता के विकास के लिए प्रतिदिन कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान बच्चों ने पौधरोपण करके उन पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी ली। कार्यक्रम के अंतिम दिन ‘उपलब्धता-दिवस समारोह’ का आयोजन किया गया। इस मौके पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन बालक श्रेयश अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम में आयुष पांडेय के वक्तव्य, ऐषित और राहुल गुप्ता के देशभक्ति गीत, पार्थ मेहरोत्रा के काव्यपाठ, यशवर्धन वर्मा की कहानी, प्रियांक जायसवाल, अणिमा वर्मा और स्तुति सेठ के भजन, श्रेया श्रीवास्तव के गीत तथा अनामिका पांडेय, भूमिका जायसवाल, रिया शुक्ला, अनन्या जायसवाल, अंशिका वर्मा और वासवी जायसवाल आदि के नृत्यों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसी कार्यक्रम में एक संगीतमय सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें महेश चंद्र जायसवाल तथा कंचन सेठ द्वारा गाये गये भजनों ने दर्शकों को मंत्र-मुग्ध कर दिया।