गोला गोकर्णनाथ। त्रिलोक गिरि मंदिर परिसर स्थित हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर चोर घंटे, घंटियां और दानपात्र चोरी कर ले गए। घटना शनिवार रात की है। मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष जनार्दन गिरि ने पुलिस को तहरीर दी है।
जनार्दन गिरि के मुताबिक, रविवार सुबह पूजन और साफ-सफाई के लिए मंदिर का दरवाजा खोला तो हनुमान मंदिर में लगे घंटे, बड़ा घंटा और दानपात्र गायब मिले। बाहर शिव मंदिर में लगी छोटी घंटियां भी चोरी हो गई थीं। दानपात्र में करीब चार से पांच हजार रुपये होने का अनुमान है। मंदिर परिसर में सीसी कैमरे नहीं लगे हैं।
सीओ जितेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गई है। पुलिस टीम को जांच के लिए लगाया गया है।
बंद घर से एक लाख का सामान चोरी, संदिग्ध पकड़ा
पसगवां। बंद घर से चोर करीब एक लाख रुपये कीमत का सामान चुरा ले गए। पसगवां निवासी विपिन पाण्डेय ने बताया कि वह हरियाणा में मजदूरी करता है और परिवार साथ रहता है। 25 अक्तूबर को सुबह छह बजे घर पहुंचने पर मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर गए। आरोप है कि चोर खिड़की तोड़कर 10 बंडल बिजली का तार, ड्रिल मशीन, पीतल के 20 बर्तन, हैलोजन लाइट सहित अन्य सामान चुरा ले गए। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। संवाद
-