बुधवार को जिला अस्पताल में भर्ती हुए पांच बच्चे
बुखार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रोजाना बुखार पीड़ित बच्चें चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती हो रहे हैं। बुधवार को भी पांच बच्चों को बुखार आने पर जिला अस्पताल में भर्ती किया गया।
बुधवार को बहराइच जिले के सुजौली निवासी भूरी ने अपने पुत्र पंकज, निर्मलनगर निवासी दिनेश कुमार ने पुत्र दीपक, रायपुर घुंसी निवासी वसीम ने पुत्री चांदनी, धौरहरा निवासी शकील खाने ने अपनी पुत्री शाहीन और सेवालापुरवा निवासी अर्जुन ने अपनी पुत्री मोहिनी को बुखार आने पर जिला अस्पताल लेकर आए थे, जिनकी हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने बच्चों को चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती करके उपचार शुरू कर दिया है। वहीं, डॉक्टरों ने बुखार से पीड़ित बच्चों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं।
किशोर में मिले संभावित डेंगू के लक्षण
महेवागंज। कस्बे में मच्छरजनित बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। दर्जनों लोग बुखार से पीड़ित हैं। प्रशासनिक लापरवाही का आलम यह है कि यहां अब तक फॉगिंग ही नहीं कराई गई है।
कस्बा निवासी अमीनुद्दीन के 17 वर्षीय पुत्र शीबू को सोमवार को तेज बुखार आया। अमीनुद्दीन ने बताया कि पुत्र शीबू को डॉक्टर को दिखाया तो उन्होने उसकी जांच कराई। लैब में हुई जांच मे डेंगू की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि घर के अन्य सदस्यों के अलावा मोहल्ले के कई लोग बुखार से पीड़ित हैं। कस्बा निवासी अर्जुन भी डेंगू से पीड़ित हो चुके हैं। कौशल ने बताया कि मच्छरों ने दिन में भी जीना मुहाल कर रखा है, लेकिन इसके बाद भी फॉगिंग नहीं कराई गई है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में फॉगिंग कराने की मांग की है।