लखीमपुर खीरी। व्यापारियों की जीएसटी समेत विभिन्न कर संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए राज्य कर विभाग खंड-1 और खंड-2 की ओर से व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
शहर के एक होटल में मंगलवार देर शाम आयोजित कार्यक्रम में जीएसटी करदाताओं को नवीन कर व्यवस्था की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान किया गया।
अधिकारियों ने व्यापारियों को जीएसटी रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया और उससे जुड़ी जटिलताओं की जानकारी दी। जीएसटी पंजीकरण के लाभ बताते हुए अधिक से अधिक व्यापारियों को पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही धारा 14ए के तहत पंजीकरण की सरल उपलब्धता की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम में जीएसटी 2.0, ई-इनवॉइसिंग और ई-वे बिल व्यवस्था से जुड़े सुधारों तथा उनके लाभों की जानकारी दी गई। व्यापारियों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि जीएसटी संबंधी किसी भी समस्या के लिए व्यापारी कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
इस दौरान राज्य कर विभाग के उपआयुक्त कुंवर मृत्युंजय, उपआयुक्त चरण सिंह वर्मा, सहायक आयुक्त चंद्र भानु सरोज, अवनींद्र कुमार, राज्य कर अधिकारी सुरेश प्रसाद, संजय शर्मा और सुंदर लाल आदि मौजूद रहे।